MLA अदिति सिंह ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा, 'विद्रोही' कदम क्या पति को पहुंचाएगा नुकसान?

भारतीय जनता पार्टी (BJP) का हाल ही में दामन थामने वाली कांग्रेस की सदर रायबरेली सीट (Raebareli Sadar) से विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) ने कांग्रेस (Congress) की प्राथमिक सदस्यता से आज इस्तीफा (Resign) दे दिया।

Update:2022-01-20 15:06 IST

aditi singh

UP Election 2022 : भारतीय जनता पार्टी (BJP) का हाल ही में दामन थामने वाली कांग्रेस की सदर रायबरेली सीट (Raebareli Sadar) से विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) ने कांग्रेस (Congress) की प्राथमिक सदस्यता से आज इस्तीफा (Resign) दे दिया। उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को पत्र लिखकर इस्तीफा दिया है। पत्र में उन्होंने लिखा, 'आपको अवगत कराना है कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। कृपया स्वीकार करने का कष्ट करें।'

बता दें, कि अदिति सिंह ने नवंबर 2021 में औपचारिक तौर पर बीजेपी में शामिल हो गई थीं। अदिति यूपी में योगी सरकार के गठन के कुछ समय बाद से ही कांग्रेस पार्टी की लाइन से हटकर बयानबाजी करती रहीं। कई ऐसे मौके आए जब वो पार्टी की राय से अलग हटकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के फैसलों की जमकर तारीफ की थी। इतना ही नहीं, अदिति सिंह लगातार कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर भी हमलावर रही हैं।

क्या पति को पहुंचाएंगी नुकसान?

गौरतलब है, कि अदिति सिंह के इस विद्रोही कदम से उनके पति अंगद सिंह (Angad Singh) को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। अंगद सिंह पंजाब की नवांशहर सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। वहीं, अदिति सिंह कांग्रेस के गढ़ और सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र से जीतकर आती हैं। सोनिया गांधी लगातार इसी सीट से सांसद चुनी गई हैं। अदिति सिंह के पिता अखिलेश सिंह यहां से पांच बार के विधायक रह चुके हैं। अदिति को पिता की सीट विरासत में मिली है।

प्रियंका गांधी पर रही हैं हमलावर

यूपी के रायबरेली से कांग्रेस की बागी विधायक रहीं अदिति सिंह पार्टी में रहते कई बार प्रियंका गांधी पर खुलकर हमला बोल चुकी हैं। अदिति सिंह ने तो प्रियंका के एक बयान के बाद कहा था, कि 'जब कृषि कानून लाए गए थे तब भी उन्हें परेशानी थी और अब जब कृषि कानूनों को रद्द किया गया, तब भी उन्हें तकलीफ हो रही है।' तब अदिति ने आरोप लगाया था, कि 'प्रियंका गांधी सिर्फ मामले का राजनीतिकरण कर रही हैं।' उन्होंने यहां तक कह दिया था, कि प्रियंका गांधी के पास सियासत करने के लिए अब मुद्दे ही नहीं बचे हैं। इसीलिए वह किसानों के मुद्दों पर सियासत कर रही हैं।' इतना ही नहीं कांग्रेस विधायक रहते अदिति सिंह ने प्रियंका गांधी के महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण देने के ऐलान पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था, पंजाब में कांग्रेस की सरकार है। वहां कांग्रेस पार्टी आरक्षण देने का ऐलान क्यों नहीं करती। साथ ही, उन्होंने प्रियंका के इस ऐलान को लॉलीपॉप बताया।

कौन हैं अदिति सिंह?

बता दें, कि अदिति सिंह यूपी के कद्दावर और बाहुबली नेता अखिलेश सिंह की बेटी हैं। वर्ष 2017 में अदिति पहली बार चुनावी मैदान में उतरी थीं। उस साल मोदी लहर के बाद भी सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली सदर सीट से वो जीत हासिल करने में कामयाब रहीं थीं। इतना ही नहीं, अदिति यूपी विधानसभा की सबसे युवा सदस्यों में एक हैं। हालांकि, 2019 में ही अदिति ने कांग्रेस को अपने 'बागी' तेवर दिखा दिए थे। जब पार्टी के व्हिप के खिलाफ जाकर संविधान दिवस पर विधानसभा के विशेष सत्र में आयोजित कार्यक्रम में वह शामिल हुई थीं। इसके बाद वह लगातार पार्टी विरोधी बयानबाजी करती रही हैं। बीते साल, 24 नवंबर 2021 को उन्होंने बीजेपी ज्वाइन कर लिया था।

विदेश में की पढ़ाई, पिता की विरासत संभाली

अदिति सिंह का जन्म 15 नवंबर 1987 को यूपी की राजधानी लखनऊ में हुआ था। अदिति ने अमेरिका के ड्यूक यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ़ मैनेजमेंट स्टडीज की डिग्री हासिल की है। पढ़ाई कर देश वापस आने के बाद अदिति सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनाव में पिता अखिलेश सिंह की राजनीतिक विरासत संभाली। जीतकर विधायक बनीं। 21 नवंबर 2019 को अदिति सिंह ने पंजाब के कांग्रेस विधायक अंगद सिंह से शादी कर ली थी।



 


Tags:    

Similar News