Akhilesh Yadav in Milkipur: अखिलेश यादव पहुंचे मिल्कीपुर, सपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालने की अपील
Akhilesh Yadav in Milkipur: मिल्कीपुर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जनपद पहुंचे।;
Akhilesh Yadav in Milkipur: अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जनपद पहुंचे। उन्होंने लोगों से सपा उम्मीदवार अजित प्रसाद के समर्थन में वोट डालने की अपील की। साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला किया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हमला बोलते हुए कहा कि यहां की जनता को भाजपा सरकार ने बहुत सताया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जानबूझकर यहां चुनाव रोका था। मिल्कीपुर की जनता समाजवादियों के साथ है। मिल्कीपुर में चुनाव नहीं चुनौती है। यहां का चुनाव जनता बनाम शासन हो रहा है। यहां का चुनाव वोटरों और प्रशासन के बीच चुनाव होगा। महाकुंभ भगदड़ को लेकर सरकार को घेरते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि अभी तक भगदड़ में जान गंवाने वाले लोगों का आंकड़ा तक नहीं दे पा रहे हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाकुंभ को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गूगल पर सर्च नहीं करना जानते हैं। अगर वह जानते हों तो गूगल पर केवल महाकुंभ टाइप करें। उन्हें पता चल जाएगा कि कितनी जगह महाकुंभ में भगदड़ मची है। उन्होंने कहा कि हर कुंभ 144 साल बाद ही होता है। मिल्कीपुर में समाजवादियों का कुंभ लगा हुआ है। अयोध्या हारकर भाजपा को नींद नहीं आ रही है। अयोध्या की जनता ने चुनाव जिताकर हमारा सम्मान बढ़ाया है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने अयोध्या में विकास के नाम पर जनता से उनकी जमीनें छीन ली और उन्हें मुआवजा भी नहीं दिया। उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जब समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो अयोध्या को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बात तो भाजपा के लोग भी जानते हैं कि सीएम योगी किसी के सगे नहीं हैं। वह केवल परिस्थितियों के मुताबिक ही काम करते हैं।
सांसद अवधेश प्रसाद फिर हुए भावुक
सपा मुखिया अखिलेश यादव के संबोधन से पहले अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद मंच पर एक बार फिर भावुक हो गये। उन्होंने अयोध्या में दलित युवती की रेप और हत्या के मामले पर कहा कि हमारी बेटी के साथ जो कुछ हुआ, उसका विचार करते ही कलेजा फट जाता है। ये अमर्यादित घटना मर्यादा पुर्षोत्तम की नगरी अयोध्या में हुई। यह देश सीता और सावित्री का देश है। हमारा चुनाव जीतना भाजपा को पच नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव उस समय हो रहा है जब बाबा साहेब का अपमान हुआ है। भारतीय संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। हमारे नेता का अपमान किया जा रहा है।