Ayodhya News: अब आसानी से हो सकेंगे रामलला के दर्शन, अयोध्या में भक्तों के लिए बना ये नया मार्ग

Ayodhya News: रामजन्मभूमि परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को अब कम समय में आसानी से रामलला के दर्शन हो सकेंगे। राम मंदिर के नए दर्शन मार्ग को खोल दिया गया है। इस दौरान मंदिर पहुंचने वाले भक्तों पर पुष्प वर्षा की गई।

Update: 2023-07-30 17:03 GMT
अयोध्या में भक्तों के लिए बना ये नया मार्ग, आसानी से हो सकेंगे रामलला के दर्शन: Photo- Newstrack

Ayodhya News: रामजन्मभूमि परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को अब कम समय में आसानी से रामलला के दर्शन हो सकेंगे। राम मंदिर के नए दर्शन मार्ग को खोल दिया गया है। इस दौरान मंदिर पहुंचने वाले भक्तों पर पुष्प वर्षा की गई।

सड़क मार्ग को भक्तों के लिए विशेष रूप से बनाया गया

श्रद्धालुओं के लिए जन्मभूमि पथ को खोल दिया गया है। इस मार्ग के जरिए रामभक्त आसानी से मुख्य सड़क मार्ग से सीधे रामलला के दर्शन के लिए जा सकेंगे। इस सड़क मार्ग को रामलला के भक्तों के लिए विशेष रूप से बनाया गया है। जन्मभूमि पथ पर कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच और पीने के लिए पानी की व्यवस्था की गई है। इस मार्ग के खुलने से रामलला के दर्शन के लिए राम भक्तों द्वारा तय की जाने वाली दूरी करीब आधा किलोमीटर कम हो गई है।

राम जन्मभूमि पथ का हुआ शुभारंभ

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, सदस्य डॉ. अनिल मिश्र, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, डॉ विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र समेत मंडलायुक्त गौरव दयाल, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी राजकरण नैयर, मेयर गिरीशपति त्रिपाठी के अलावा विहिप और संघ के तमाम नेताओं की मौजूदगी में राम जन्मभूमि पथ का शुभारंभ किया गया। आमंत्रित सभी गणमान्य सदस्यों ने पुष्प वर्षा कर रामलला के दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

ये रास्ता सीधे रामलला के गर्भगृह तक पहुंचेगा

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि अयोध्या के सड़क मार्ग से जुड़ा यह जन्मभूमि पथ बिड़ला धर्मशाला के सामने से सीधे रामलला के गर्भगृह तक पहुंचेगा। इस मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दो स्थान पर लॉकर सुविधा, व्हीलचेयर, शौचालय और आराम करने की व्यवस्था बनाई गई है। इस रास्ते से प्रवेश के बाद दर्शन कर पुनः श्रद्धालु अपने उसी स्थान पर पहुंचेंगे जहां से वह अपने सामान को सुरक्षित रखे हुए हैं। मार्ग को सुरक्षा व्यवस्था के तहत तैयार किया गया है।

Tags:    

Similar News