Banda News: उफनाते नाले में डूबने से गौशाला केयरटेकर दंपति की मौत, गांव में मातम

Banda News: पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर पोस्ट मार्टम को भेज दिये हैं। CO सदर अजय सिंह ने बताया, डूबने से मौत का अनुमान है। लेकिन, हर पहलू को जांचा जा रहा है।

Report :  Om Tiwari
Update:2024-09-12 20:40 IST

Banda News (Pic- Social- Media)

Banda News: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद के निर्वाचन क्षेत्र में एक दंपत्ति की उफनाते नाले में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव बरामद कर पोस्ट मार्टम को भेज दिये हैं। CO सदर अजय सिंह ने बताया, डूबने से मौत का अनुमान है। लेकिन, हर पहलू को जांचा जा रहा है।

महेदू से भिड़ौरा लौटते समय हुआ हादसा

तिंदवारी थाना क्षेत्र के भिड़ौरा गांव निवासी राजाराम (45) और उनकी पत्नी राजाबाई (40) महेदू गांव स्थित गौशाला में बतौर केयरटेकर का काम करते थे। रोज की तरह बीती शाम भी पति-पत्नी गौशाला से अपने गांव भिडौरा लौट रहे थे। इसी दौरान उफनाते गड़रा नाले में हादसे का शिकार हो गए। नाला पार करते समय दोनों बह गए और डूबने से दोनों की मौत हो गई।

नाले में शवों को बहता देख ग्रामीणों ने बुलाई पुलिस

आसपास के ग्रामीणों ने नाले में दो शवों को बहते देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला। दोनों की पहचान गौशाला केयरटेकर के रूप में की गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

CO सदर अजय सिंह बोले, हर पहलू जांच रही पुलिस

CO सदर अजय सिंह ने बताया, प्रारंभिक जांच में दोनों की डूबने से मौत का अनुमान है। पुलिस हर पहलू को गहनता से जांच रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्टता से कुछ कहा जा सकता है।

हादसे से भिड़ौरा गांव में मातम का माहौल

उधर, दर्दनाक हादसे से भिड़ौरा गांव में शोक की लहर है। मृतक दंपति के परिवार में कोहराम मचा है। लोग सांत्वना देकर संभालने में लगे हैं।

Tags:    

Similar News