Bareilly News: आंधी तूफान का कहर, दो लोगों की मौत, नौ घायल

Bareilly News: सूचना पर फरीदपुर पुलिस के साथ एसपी दक्षिणी मानुष पारीक फोर्स संग पहुंचे। जयपाल को निकाला गया लेकिन, उनकी जान नहीं बच सकी। देर रात तक राहत कार्य चला और मलबा हटाया गया।

Report :  Jugul Kishor
Update: 2024-06-20 03:07 GMT
छज्जा गिरने के बाद का नजारा (Pic: Social Media)

Bareilly News: बरेली जनपद के फरीदपुर के भगवानपुर फुलवा गांव में बुधवार देर रात मकान का छज्जा गिर गया। हादसे में एक मजदूर जयपाल की दबकर मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और चार बच्चे घायल हो गये। वहीं, बरसात के दौरान फरीदपुर कस्बे के मोहल्ला ऊंचा में मोहम्मद इकरार के मकान की छत पर काम करते वक्त करंट फैलने से मोहल्ला फर्रखपुर निवासी एसी मैकेनिक रजा अली की मौत हो गई।  

देर रात तक पुलिस ने चलाया राहत कार्य

फरीदपुर पुलिस के मुताबिक, प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले जयपाल कश्यप पत्नी लाली व बच्चों काजल, प्रज्ञा, विपना एवं रुपेश के साथ भोजन करके रोज की तरह लेट गए। रात में आंधी-पानी शुरू हुआ। सभी की आंख लग चुकी थी। अचानक से छज्जा ढह गया जो सीधे जयपाल के ऊपर जा गिरा, जिससे वह दब गए। लाली, बच्चों संग बाहर निकली। पति को देखा तो वह दबे हुए थे। सूचना पर फरीदपुर पुलिस के साथ एसपी दक्षिणी मानुष पारीक फोर्स संग पहुंचे। जयपाल को निकाला गया लेकिन, उनकी जान नहीं बच सकी। देर रात तक राहत कार्य चला और मलबा हटाया गया।

आंधी बारिश ने कई जगह मचायी तबाही

वहीं, देर रात तेज आंधी में जयपाल के पड़ोसी नन्हेलाल कश्यप के घर का लिंटर गिर गया। इसके मलबे में नन्हेलाल, उनके दो पुत्र सूरज व ऋषिपाल और पत्नी भूरी देवी घायल हो गईं। इसी गांव में कुछ दूर चंदनलाल के घर पर पड़ोस में लगा नीम का पेड़ गिर गया। इससे चंदनलाल की झोंपड़ी जमींदोज हो गई। इस झोंपड़ी के नीचे चारपाई पर चंदनलाल का 18 वर्षीय पुत्र कल्लू सोता था। गनीमत रही जो कल्लू उस वक्त चारपाई पर नहीं था, वर्ना उसे खतरा हो सकता था। इस तरह देर रात आई आंधी और बारिश में दो लोगों की मौत हो, जबकि नौ लोग घायल हो गये। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।  

Tags:    

Similar News