Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा आम लोगों को अयोध्या दर्शन कराने में जुटी, ये है पूरी तैयारी

Loksabha Election 2024: आजमगढ़ से गोरखपुर होते हुए अयोध्या तक आस्था स्पेशल ट्रेन का संचालन 30 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने ट्रेन को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है।

Update: 2024-01-23 03:34 GMT

भारतीय रेलवे (सोशल मीडिया)

Loksabha Election 2024: अब जब अयोध्या के भव्य मंदिर में राम लला विराजमान हो गए हैं तो भाजपा लोकसभा चुनाव से पहले आम लोगों को अयोध्या दर्शन कराने की कवायद में जुट गई है। पूर्वांचल में पहली आस्था एक्सप्रेस आजमगढ़ से गोरखपुर होते हुए अयोध्या तक जाएगी। 30 जनवरी को आजमगढ़ से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसके साथ ही 25 जनवरी से 25 मार्च तक प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के 2500 लोगों को विशेष व्यवस्था के तहत राम लला के दर्शन कराएगी।

आजमगढ़ से गोरखपुर होते हुए अयोध्या तक आस्था स्पेशल ट्रेन का संचालन 30 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने ट्रेन को लेकर शेड्यूल जारी कर दिया है। दूसरी ओर विशाखापत्तनम से अयोध्या होते हुए गोरखपुर तक पहली आस्था एक्सप्रेस को पहले ही हरी झंडी मिल चुकी है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, आस्था स्पेशल आजमगढ़ से सुबह 6.15 बजे प्रस्थान करेगी। गोरखपुर दिन में 10.35 बजे से पहुंचेगी। अयोध्या दोपहर 1.50 बजे पहुंचेगा। इसके बाद अयोध्या से वापस आजमगढ़ के लिए शाम 4.10 बजे रवाना होगी। गोरखपुर स्टेशन पर शाम 7.10 बजे पहुंचने के बाद रात 11.15 बजे आजमगढ़ पहुंचेगी। इस ट्रेन में टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी से होगी। वहीं विशाखापत्तनम से अयोध्या होते हुए गोरखपुर तक पहली आस्था एक्सप्रेस को पहले ही हरी झंडी मिल चुकी है।

एक साथ दोनों तरफ का टिकट बुक होगा

आस्था स्पेशल में सिर्फ स्लीपर क्लास होने के बाद भी यात्रियों को बेडरोल मिलेगा। इसके अलावा पांच आस्था स्पेशल ट्रेनें गोरखपुर होते हुए रामनगरी जाएंगी। आस्था स्पेशल ट्रेनों के टिकट आईआरसीटीसी टूरिस्ट पोर्टल के माध्यम से जारी किए जाएंगे। पीआरएस डेटाबेस में यह ट्रेन नहीं दिखेगी। आस्था स्पेशल में आईआरसीटीसी के कर्मचारियों के लिए प्रत्येक तीन कोच पर फ्री छह बर्थ की सुविधा दी जाएगी। इन ट्रेनों में इनके कर्मचारियों को खानपान सेवाओं के वितरण और परिवहन के लिए कोई पैसे नहीं लगेगा। इस ट्रेन की खासियत यह होगी कि यात्री इसमें आने-जाने दोनों का टिकट बुक करा सकेंगे। अयोध्या पहुंचकर दर्शन करने के बाद इसी ट्रेन से वापस हो जाएंगे। साथ ही रेलवे सुरक्षा को एस्कार्टिंग पार्टियां, ओबीएचएस स्टाफ आदि जैसे सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

25 मार्च तक अयोध्या दर्शन का भाजपा का कार्यक्रम तय

भाजपा ने 25 जनवरी से 25 मार्च तक लोगों को अयोध्या मंदिर का दर्शन कराने का निर्णय लिया है। हर लोकसभा क्षेत्र से 2500 लोगों को दर्शन कराने के लिए ले जाया जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने 25 जनवरी से भक्तों को श्रीराम मंदिर का दर्शन कराने का निर्णय किया है। श्रीराम मंदिर दर्शन का कार्यक्रम 25 मार्च तक यानी दो महीने तक चलेगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष के अनुसार श्रीराम मंदिर दर्शन के लिए हर लोकसभा क्षेत्र से ढाई हजार भक्तों की संख्या तय की गई है। हर विधानसभा क्षेत्र से 500 की संख्या और मंडल स्तर से 100 भक्तों को अयोध्या ले जाना है। उन्होंने श्रीराम मंदिर दर्शन कार्यक्रम में हर गांव का प्रतिनिधित्व कराते हुए यहां से दो भक्तों को अयोध्या ले जाने पर जोर दिया।

Tags:    

Similar News