Firozabad News: रामगोपाल यादव ने BJP पर साधा निशाना, बोले- यूपी में हो रहा मौलिक अधिकारों का हनन

Firozabad News: सिकरारी स्थित मैरिज होम आयोजित सपा के विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलन में भाग लेने आए राज्यसभा सांसद व सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर तंज कसा।

Report :  Brajesh Rathore
Published By :  Ashiki
Update: 2021-08-27 16:34 GMT

राज्य सभा सांसद व सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव

फिरोजाबाद: शुक्रवार को सिकरारी स्थित मैरिज होम आयोजित सपा के विधानसभा स्तरीय बूथ सम्मेलन में भाग लेने आए राज्यसभा सांसद व सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर तंज कसा। साथ ही सरकार को विकास के नाम कोरे वायदे करने वाली सरकार बताया।

कार्यकताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मौद्रीयकरण के नाम पर केंद्र सरकार देश के संसाधन बेच रही है। रेल, जहाज व अन्य को देश के कुछ धनाढ्य लोगों को बेचा जा रहा है। यदि सरकार नहीं गई तो एक दिन देश को ही बेच देंगे। रेल व अन्य विभागों के बेचे जाने के बाद जनता को लूटा जाएगा। खरीदार मनमानी करेंगे। हर चीज का टैक्स देना पड़ेगा। सरकार 15 लाख हर व्यक्ति को देने के झूठे वायदे के साथ सत्ता में आई थी, सरकार ने कोई वायदा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि सपा ऐसा घोषणा पत्र बनाएगी कि एक बार मुख्यमंत्री बनने के पश्चात अखिलेश को कोई हटा नहीं पाएगा।

साइकिल यात्रा निकालने पर दर्ज कराए गए मुकदमों पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में अब मौलिक अधिकारों का भी हनन हो रहा है। जनता को विरोध की भी आजादी नहीं है। संविधान में गांधीवादी तरीके से सभी को गलत का विरोध करने का अधिकार है, लेकिन सरकार ने साइकिल यात्रा निकालने पर कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करा दिए। सपा सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस होंगे। भाजपा में गुटबाजी चल रही है। तिहाई से ज्यादा नेता बाबाजी को मुख्यमंत्री नहीं देखना चाहते, आपके पास मौका है। इसी गुटबाजी का फायदा उठाकर प्रदेश में सपा की सरकार बनाएं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध चरम पर है। विकास के नाम पर जनता से छलावा किया जा रहा है। जितने पैसे सरकार के पास नहीं हैं। उतने से ज्यादा के एस्टीमेट बनाए जा रहे हैं। जनता की आंखों में धूल झौंकी जा रही है। हर जगह बदलाव जरूरी है। उदाहरण देते हुए कहा कि यदि रोटी को बार-बार पलटा न जाए तो वह जल जाती है। इसलिए सरकार को बदलने की जरूरत है। देश के हित में भाजपा को हराना जरूरी है।

Tags:    

Similar News