UP Election 2022 : अखिलेश के चुनाव क्षेत्र करहल में नहीं डालने दिया जा रहा वोट, समाजवादी पार्टी ने EC से की शिकायत

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज प्रदेश के सबसे 'हॉट' माने जाने वाली सीट करहल को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा नेताओं ने करहल में मतदान से रोके जाने का आरोप लगाया है।

Written By :  aman
Update: 2022-02-20 07:41 GMT

up election 2022 akhilesh yadav

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में आज प्रदेश के सबसे 'हॉट' माने जाने वाली सीट करहल को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा नेताओं ने करहल में मतदान से रोके जाने का आरोप लगाया है। सपा ने एक ट्वीट कर कहा, 'मैनपुरी जिले की विधानसभा करहल के भागपुर गांव में बूथ संख्या- 244, 245 पर ग्रामीणों को वोट डालने से रोका जा रहा है।

समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग (Election commission) और जिला प्रशासन (district administration) से गुहार लगाई है, कि इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में मतदान सुनिश्चित कराएं। वहीं पुलिस ने दावा किया है, कि कहीं कोई समस्या नहीं है। मतदान सामान्य रूप से चल रहा है।

VVIP सीट है करहल 

जैसा कि आपको पता है, कि मैनपुरी (Mainpuri) की करहल सीट प्रदेश के चंद 'हॉट' और VVIP सीट में से एक है। करहल विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) मैदान में हैं। वहीं, बीजेपी की तरफ से केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल को मैदान में उतारा गया है। इनके अलावा बसपा से कुलदीप नारायण भी चुनावी समर में टक्कर दे रहे हैं। गौरतलब है, कि बीते कुछ दिनों से करहल विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी और बीजेपी ने अपने सभी बड़े नेता को चुनाव मैदान में उतार दिया है। बसपा की तरफ से भी कई बड़े नेताओं का यहां आना रहा। वहीं, सपा संस्थापक और अब संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने भी 2022 चुनाव के लिए पहले बार करहल में ही प्रचार किया है।

'सखी बूथों' को लेकर मतदाताओं में विशेष उत्साह

करहल सहित मैनपुरी के सभी सीटों पर सुबह 7 बजे से चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हुई। सभी 1,756 मतदान केंद्र पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान शुरू होने से दो घंटे पहले से ही मतदान केंद्रों से सम्बंधित जानकारियां जुटायीं। साथ ही, सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अलर्ट मोड रखा। साथ ही सभी आवश्यक निर्देश भी दिए। इस बार 'सखी बूथों' को लेकर मतदाताओं में विशेष उत्साह है।

कई मतदान बूथों को सजाया भी गया है। बरनाहल नगर पंचायत के प्राथमिक पाठशाला और उच्च प्राथमिक पाठशाला बूथ परिसर को हजारों गुब्बारों से सजाया गया। पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में सेल्फी का क्रेज दिखा। 

Tags:    

Similar News