UP Budget 2023: 'लाल टोपी वाले नकली समाजवादी हैं'...ब्रजेश पाठक के बयान पर बवाल, शिवपाल से नोकझोंक

UP Budget 2023: बजट सत्र के दौरान शिवपाल यादव और ब्रजेश पाठक के बीच स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर हमला बोला।

Written By :  aman
Update: 2023-02-24 12:26 GMT

DCM Brajesh Pathak and Shivpal Yadav (Social Media)

UP Budget 2023: उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र के दौरान शुक्रवार (24 फरवरी) को प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (DCM Brajesh Pathak) और समाजवादी पार्टी विधायक शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) के बीच स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर तीखी नोंकझोंक हुई। दरअसल, सपा नेता ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा मुद्दा उठाते हुए स्वास्थ्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पर कई तरह के आरोप लगाए।

शिवपाल यादव ने विधानसभा में कहा, 'आज प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहद बुरी हालत में है। जिला अस्पतालों में डॉक्टर नहीं है। दवाएं समाप्त हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का बहुत ही बुरा हाल है। उन्होंने कहा, अधिकतर PHC पर ताले लटके पड़े हैं। स्टाफ, नर्स और वार्ड बॉय का कोई अता-पता नहीं है। कहीं भी कोई व्यवस्था नाम की चीज नहीं है। समाजवादी पार्टी के नेता ने आगे कहा, डेंगू (Dengue) जैसी बीमारियां पांव पसार रही है। गरीब लोग इलाज के अभाव में मर रहे हैं। लेकिन, विज्ञापनों को देखकर लगता है कि स्वास्थ्य व्यवस्था ठीक है। काम हो रहा है। मगर, धरातल पर देखा जाए तो पूरा विभाग वेंटिलेटर पर है।'

'लाल टोपी वाले नकली समाजवादी हैं'

शिवपाल यादव के इन आरोपों पर स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया। उन्होंने अपने निशाने पर समाजवादी पार्टी के नेताओं को लिया। ब्रजेश पाठक ने सपा नेताओं को घेरते हुए कहा, 'लाल टोपी वाले नकली समाजवादी हैं। कानून तोड़कर अराजकता फैलाना इनका काम रहा है।' उपमुख्यमंत्री के इतना कहते ही सपा के तमाम विधायक ब्रजेश पाठक के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सपा एमएलए वेल में आ गए। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के समझाने-बुझाने के बाद सपा विधायक वेल से वापस लौट गए।

शिवपाल ने CHC का मुद्दा उठाया

सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव ने विधानसभा में अपने क्षेत्र के ताखा ब्लॉक (Takha Block CHC) की एक सीएचसी का मुद्दा उठाया। शिवपाल बोले, 'हमारे क्षेत्र के ताखा ब्लॉक की एक सीएचसी है। जिसका भवन बहुत सुंदर है। लेकिन, अभी तक डॉक्टर समेत तमाम स्टाफ नहीं हैं। शिवपाल आगे बोले, कोरोना काल में मैंने अपनी विधायक निधि से 30 लाख रुपए दिए थे। साथ ही, मैंने उसे लेकर मुख्यमंत्री योगी तक को पत्र लिखा था। मगर, आज तक वहां किसी डॉक्टर और तमाम स्टाफ की नियुक्ति नहीं हुई।'

शिवपाल बोले- मंत्री जी आप छापा बहुत मारते हैं

दोनों नेताओं में वार-पलटवार जारी रहा। इसी दौरान शिवपाल यादव ने ब्रजेश पाठक से कहा, मंत्री जी आप छापा बहुत मारते हैं। लेकिन, इसका फायदा क्या? आप दरबार भी लगाते हैं। अधिकारियों को भी बुला लेते हैं। ये अच्छी बात है। मगर, अधिकारियों पर मंत्री जी का कोई असर नहीं पड़ता। शिवपाल आगे बोले, बताइए मंत्री जी  ऐसे छापा मारने से क्या फायदा?

ब्रजेश पाठक- सपा सरकार में होती थी लूट

जवाब देने ब्रजेश पाठक खड़े हुए। उन्होंने शिवपाल यादव के सवालों को बदले की भावना करार दिया। उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि, 'सपा सरकार में स्वास्थ्य महकमे को लूट का अड्डा बना दिया गया था। सरकारी योजनाओं में सपा ने जमकर लूट मचाई। डॉक्टरों से मिली भगत कर आधा पैसा लेकर उनको ड्यूटी से रोकते थे। ब्रजेश पाठक ने ये भी कहा, हमारी सरकार में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सभी विभागों में काम हो रहा है।'

Tags:    

Similar News