Badaun News: बदायूं में दिल दहला देने वाला हादसा, सिलेंडर फटने से जिंदा जले तीन लोग, मृतकों में दो मासूम भी शामिल

Badaun News: इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक व्यस्क और दो बच्चे शामिल हैं।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-10-20 02:27 GMT

fire in Badaun  (photo: social media )

Badaun News: बदायूं के उझानी कस्बे में दिल दहला देने वाली घटना घटी है। यहां मोहल्ला गद्दी टोला के एक मकान की दूसरी मंजिल पर रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। जिससे मकान में भयानक आग लग गई। इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में एक व्यस्क और दो बच्चे शामिल हैं। जो रिश्ते में पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना गुरूवार रात की है।

मृतकों की हुई शिनाख्त

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की शिनाख्त 55 वर्षीय सुखापल मौर्य और उनके आठ वर्षीय बेटे गोपाल मौर्य और पांच वर्षीय बेटे यश के रूप में हुई है। इस हादसे में उनकी पत्नी त्रिवेणी और बुजुर्ग मां आंशिक रूप से झुलस गईं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम होने के बाद शवों को परिवार को सौंप दिया जाएगा।

खाना बनाने के दौरान हुआ हादसा

जिस मकान में ये हादसा हुआ, उसमें एक ही परिवार के लोग दोनों मंजिल पर रहते हैं। मृतक सुखपाल के बड़े भाई भूप सिंह ने बताया कि उनके छोटे भाई का परिवार दूसरी मंजिल पर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। जबकि वो पहली मंजिल पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। गुरूवार रात पौन आठ बजे के करीब उनका भाई कमरे में गैस सिलेंडर पर खाना बना रहा था। उस दौरान कमरे में उसका पूरा परिवार मौजूद था। जबकि उसकी बेटी नीचे खेलने के लिए आई हुई थी।

गैस सिलेंडर फटने की जानकारी भूप सिंह को सुखपाल की पत्नी त्रिवेणी ने दी। जिसके बाद सभी घटनास्थल की ओर दौड़े और आग बूझाने की कोशिश करने लगे। आग ने इतना विकराल रूप अख्तियार कर लिया था कि सुखपाल और उनके दोनों छोटे बेटे कमरे के अंदर ही फंस गए और लाख कोशिश के बावजूद बाहर नहीं आ पाए। तब तक आग पूरे कमरे में फैल चुकी थी। इससे सुखपाल और उनके दोनों बेटों की जलकर मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी छानबीन शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News