Badaun Double Murder Case: मासूम बच्चों की हत्या से क्षेत्र में तनाव, साजिद बोला- मैंने पूरा किया अपना काम..

Badaun Double Murder Case: जिले के बाबा कॉलोनी में दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से निर्दयता से हत्या के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

Update: 2024-03-20 06:49 GMT

बदायूं में मासूम बच्चों की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव (न्यूजट्रैक)

Badaun Double Murder Case: जिले के बाबा कॉलोनी में दो मासूम बच्चों की धारदार हथियार से निर्दयता से हत्या के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। आरोपियों के दूसरे समुदाय के होने के चलते लोगों में काफी नाराजगी है। घटना के बाद गुस्साएं क्षेत्र के लोगों ने आरोपी की दुकान को तोड़ दिया। वहीं लोगों ने पुलिस चौकी के पास की दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया। लोगों पर काबू पाने पहुंची पुलिस को भी भीड़ ने पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

घटना की सूचना पर एसएसपी आलोक प्रियदर्शी समेत पुलिस के कई आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गये और भीड़ पर काबू करने का प्रयास किया। लोगों की मांग है कि आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए। हालांकि पुलिस ने मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। जिसके बाद आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में जावेद को गोली लग गयी और वह वहीं पर ढेर हो गया।

पिता की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

दो मासूम बेटों की निर्मम हत्या के बाद परिजनों की हालत का अंदाज सहज ही लगाया जा सकता है। बेटों की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चों के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी साजिद और उसके भाई जावेद के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।

पिता ने तहरीर में कहा कि ’आरोपी साजिद ने पत्नी से पैसों की डिमांड की थी। उसने कहा था कि उसे कुछ पैसों की जरूरत है क्योंकि उसकी पत्नी प्रेग्नेंट है और उसकी डिलीवरी होने वाली है। साजिद जब पैसे लेने के लिए घर के अंदर गयी। तब साजिद ने कहा कि वह अस्वस्थ महसूस कर रहा है और खुली हवा में छत पर जाना चाहता है। इसके बाद वह दोनों बेटों को अपने साथ छत पर ले गया। वहां उसने अपने भाई जावेद को भी बुला दिया।

हत्या के बाद साजिद बोला- पूरा हो गया मेरा काम

तहरीर में मृतक बच्चों के पिता ने कहा है कि जब उसकी पत्नी पैसे लेकर लौटी तो साजिद और जावेद के हाथों में चाकू देख वह हैरत में पड़ गयी। दोनों बेटों की हत्या के बाद साजिद ने मेरे जीवित बेटे पर भी हमला किया। जिससे वह भी घायल हो गया। इसके बाद वहां से भागते समय साजिद ने पत्नी से कहा कि उसने अपना काम आज पूरा कर लिया है। पत्नी के शोर मचाने पर घर के नीचे मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन दोनों भाई मौके से फरार हो गये।

साजिद के पिता और चाचा को पुलिस ने उठाया

बदायूं में मासूम बच्चों आयुष और पीयूष की निर्मम हत्या के बाद पुलिस भी एक्षन में आ गयी है। पुलिस भी इस बात का पता लगाना चाह रही है कि आखिर साजिद और जावेद ने बच्चों की हत्या क्यों की। क्या उनका पीड़ित परिवार से कोई विवाद था। लेकिन अगर पीड़ित परिवार के घर आरोपियों का आना-जाना था तो उन्होंने मासूमों की हत्या क्यों की। इन्हीं सवालों का जवाब ढूंढने में पुलिस लगी हुई है। पुलिस ने पुलिस ने आरोपी साजिद के पिता और चाचा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

बच्चों का आज होगा अंतिम संस्कार

बदायूं में पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव बुधवार सुबह घर पहुंच गये हैं। बुधवार को ही बच्चों को विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। घर में बच्चों के शव को देख परिजनों और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद लखीमपुर से बदायूं पहुंचे मासूम बच्चों के पिता विनोद ने बताया कि वारदात के बाद उनके पास उनकी मां ने फोन किया था। उन्होंने फोन पर कहा कि बेटा जल्दी आ जाओ, दोनों लल्ला मार दए गए।

इलाके में कानून- व्यवस्था सामान्य

बदायूं में डबल मर्डर केस में एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि आरोपी साजिद बाल काटने की दुकान थी। उसकी दुकान पीड़ित परिवार के घर के सामने ही थी। जिसके चलते वह पीड़ित परिवार को जानता था और उसके घर में आना-जाना भी था। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिल्कुल सामान्य है। जनपद में हर जगह स्थिति काबू में है। सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है।

Tags:    

Similar News