UP Election 2022: जालौन में कांग्रेस का बड़ा दांव, तीन सीटों में से दो सीटों पर महिला प्रत्याशी को दिया टिकट

UP Election 2022: कांग्रेस पार्टी ने 125 कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है जिसमें जनपद जालौन के कालपी और उरई विधानसभा की सीट पर पूर्व विधायक उमाकांति तथा वर्तमान जिला पंचायत सदस्य कैलिया पूर्व अपर आयुक्त उर्मिला सोनकर को प्रत्याशी बनाया है।

Report :  Afsar Haq
Published By :  Shashi kant gautam
Update:2022-01-13 15:15 IST

जालौन: कांग्रेस ने तीन सीटों में से दो सीटों पर महिला प्रत्याशी को दिया टिकट: Photo - Social Media  

Jalaun News: अखिल भारतीय कांग्रेस (Congress Party) की राष्ट्रीय महासचिव यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने आज 125 कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें उन्होंने 50 महिलाओं को टिकट दिया है। जिन 50 महिलाओं को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने टिकट दिया है उनमें जालौन की कालपी और उरई विधानसभा की सीट (Orai assembly seat) भी शामिल है।

इन दोनों सीटों पर कांग्रेस ने पूर्व विधायक उमाकांति (Former MLA Umakanti) तथा वर्तमान जिला पंचायत सदस्य कैलिया पूर्व अपर आयुक्त उर्मिला सोनकर (Urmila Sonkar) को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की इस बड़े दाव से राजनीतिक गलियारों में हलचल शुरू हो गई है कि जालौन में इस बार महिलाओं का जरूर बोलबाला रहेगा।

उमाकांती ने प्रधानी से शुरू किया था राजनीति का सफर

कांग्रेस ने जिन महिला उम्मीदवारों की घोषणा की है, उसमें कालपी 220 विधानसभा से पूर्व विधायक उमाकांती को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उमाकांति की बात की जाये तो उन्होंने अपनी राजनीतिक सफर ग्राम प्रधानी से शुरू किया था, 2010 में उन्हें ग्राम सरसेला का प्रधान चुना गया था, जिसके बाद उन्हें 2012 में कांग्रेस ने टिकट देकर बड़ा दांव खेला था।

पूर्व विधायक उमाकांती

जिले को उमाकांति के रूप में मिली थी पहली महिला विधायक

इस सीट पर भाजपा ने अपने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को मैदान में उतारा था, लेकिन स्वतंत्र देव सिंह उमाकांती के सामने अपनी जमानत नहीं बचा सके थे और इस सीट पर उमाकांति ने इतिहास रचते हुए बड़ी जीत हासिल की थी और जिले की पहली महिला विधायक चुनी गई थी। उमाकांति वैसे तो राजनीति में नहीं थी और वह घर गृहस्थी में ही रहती थी, उनके पति सुरेंद्र सिंह सरसेला ग्राम प्रधान और ब्लाक प्रमुख थे। लेकिन हत्या के एक मुकद्दमे में उनको और उनके बेटे को आजीवन कारावास की सजा हुई। जिसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी को राजनीति में उतारा और प्रधान बनाया।

बाद में उन्होंने 2012 में विधानसभा चुनाव कांग्रेस से लड़वाया और भारी जीत हासिल कराई। 2017 के चुनाव में उन्हें मोदी लहर में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन एक बार फिर कांग्रेस ने उमाकांति पर भरोसा जताते हुए, उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित किया है और इस बार उमाकांती फिर से कड़ी टक्कर देती नजर आ सकती हैं।

अपर आयुक्त रही उर्मिला सोनकर को उरई से बनाया गया उम्मीदवार

कांग्रेस ने दूसरा बड़ा दाव जालौन की उरई 221 सुरक्षित विधानसभा पर खेला है, यहां से उन्होंने यूपी शासन में अपर आयुक्त रही उर्मिला सोनकर खबरी को अपना प्रत्याशी बनाया है। उर्मिला सोनकर वर्तमान में कैलिया जिला पंचायत सदस्य हैं और उन्होंने कांग्रेस से जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन भाजपा प्रत्याशी ने उन्हें एक तरफा मुकाबले में हरा दिया था, लेकिन कांग्रेस ने इस बार उन्हें विधानसभा का प्रत्याशी बनाकर बड़ा दाव खेला है।

उर्मिला सोनकर 

जालौन में उप जिलाधिकारी के पद पर भी रह चुकी है कार्यरत

उर्मिला सोनकर जालौन में उप जिलाधिकारी के पद पर भी तैनात रही हैं, वह उरई और कोंच तहसील में कई वर्षों तक तैनात रही है। उर्मिला जिस विधानसभा से टिकट दिया गया है, उस क्षेत्र को वह बहुत अच्छी तरह से बाकिफ है। प्रशासनिक सेवा देने के कारण यहां की जनता की एक-एक रग को समझती है। यही नहीं उर्मिला सोनकर ने अपना पूरा क्षेत्र बुंदेलखंड में ही बिताया है, वह झांसी की अपर आयुक्त के पद पर भी तैनात रही, इसके अलावा कानपुर में भी वह अपर आयुक्त रही हैं।

यही नहीं उर्मिला सोनकर पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी (Former MP Brijlal Khabri) की पत्नी हैं, जो वर्तमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हैं और प्रियंका गांधी के खास माने जाते हैं। उर्मिला के पति बृजलाल खाबरी इस क्षेत्र में अपना दबदबा भी रख चुके हैं, इसीलिए कांग्रेस ने उनकी पत्नी पर बड़ा दांव खेला है।

taja khabar aaj ki uttar pradesh 2022, ताजा खबर आज की उत्तर प्रदेश 2022

Tags:    

Similar News