पूर्व BSP विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट और एक्ट्रेस काजल निषाद सहित हजारों लोगों ने ली SP की सदस्यता
बसपा के कद्दावर नेता व पूर्व विधायक आज समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। इस मौके पर कई कार्यकर्ता ने भी पार्टी का दामन थामा।;
Chandauli News: शनिवार को राजधानी के विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी में हज़ारों की संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिसमें भोजपुरी एक्ट्रेस काजल निषाद और चंदौली जिले की चकिया विधानसभा सीट से पूर्व बसपा विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट का नाम प्रमुख है। जितेंद्र कुमार को साल 2019 के मार्च महीने में बसपा सुप्रीमो मायावती ने पार्टी से निष्कासित कर दिया था। उनको पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोप में बसपा ने पार्टी से बाहर किया था। जितेंद्र कुमार एडवोकेट रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट सपा को दिए जाने से नाराज चल रहे थे और उन्होंने गठबंधन के कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी।
55 नेताओं सहित सैकड़ों लोगों ने छोड़ी थी पार्टी
बता दें कि पूर्व बसपा विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट को साल 2019 में बसपा से मायावती ने निष्कासित कर दिया था। इसके बाद चंदौली जिले में हाहाकार मच गया और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी से तुरंत इस्तीफा भी दे दिया था। इस्तीफा देने वालों में बसपा के चकिया विधानसभा अध्यक्ष समेत 55 पदाधिकारी भी शामिल थे। उस वक़्त कार्यकर्ताओं द्वारा बसपा पार्टी पर यह भी आरोप लगाया था कि पैसे नहीं देने पर पूर्व विधायक को पार्टी से निकाला गया है।
यूपी में निषाद वोटर्स निभाएंगे अहम भूमिका
भोजपुरी एक्ट्रेस काजल निषाद के पार्टी में आने से सपा को कितनी मज़बूती मिलेगी, यह तो बाद में चर्चा का विषय होगा। लेकिन, जिस हिसाब से प्रदेश में निषाद वोटर्स को सभी पार्टियां जोड़ने की कोशिशों में लगी हैं, उससे एक बात तो तय है कि प्रदेश की सरकार बनाने में निषाद वोट बैंक अहम भूमिका निभाएगा। बता दें कि उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल के जिलों में व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में निषाद वोटर्स का बड़ा जनाधार है। वहीं, चर्चाएं इस बात की भी हैं कि सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर 2022 विधानसभा चुनावों में सपा के साथ गठबंधन करेंगे।