Rampur News: मुख्य सचिव ने शहर विधायक आकाश सक्सेना के साथ रजा लाइब्रेरी का किया निरीक्षण

Rampur News: मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने दरबार हाल, गैलरी का निरीक्षण करने के साथ ही पुस्तकों और पांडुलिपियों का निरीक्षण किया। लाइब्रेरी स्टाफ ने उन्हें एक-एक इमारत के महत्व के बारे में जानकारी दी।

Update: 2023-07-16 16:08 GMT
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने अन्य गणमान्य लोगों के साथ रजा लाइब्रेरी की किया निरीक्षण(Pic: Newstrack)

Rampur News: मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि रामपुर की रजा लाइब्रेरी देश की अनमोल धरोहर है। यह रामपुर की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित करने के साथ ही इतिहास की अमूल्य पुस्तकों और पांडुलिपियों को सहेजे हुए है। मुख्य सचिव ने रामपुर शहर विधायक आकाश सक्सेना के साथ रजा लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान मुंशी प्रेमचंद्र के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित किए।

उन्होंने दरबार हाल, गैलरी का निरीक्षण करने के साथ ही पुस्तकों और पांडुलिपियों का निरीक्षण किया। लाइब्रेरी स्टाफ ने उन्हें एक-एक इमारत के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर मुख्य सचिव ने कहा कि रामपुर की रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम में किताबों का खजाना है। यहाँ पुस्तकों और पांडुलिपियों को जिस तरह से सहेजकर रखा गया है, वह भी अलग बात है।

शहर विधायक बोले जल्द प्रधानमंत्री का सपना होगा साकार

लाइब्रेरी की इमारत तो शानदार है ही, इसकी महत्वता भी उतनी ही अहम है। हमें जानकारी दी गई है कि अब लाइब्रेरी का सौन्द्रयीकरण कराया जाएगा। इसके लिए बजट प्राप्त हो गया है। इसमें प्रदेश सरकार भी जिस तरह से योगदान दे सकती है वह देगी और लाइब्रेरी को विश्व पटल पर चमकाने का कार्य किया जाएगा। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने लाइब्रेरी के जीर्णोद्वार के लिए अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना साकार होगा। रजा लाइब्रेरी सिर्फ पुस्तकों और पांडुलिपियों के रखरखाव के लिए ही नहीं बल्कि शोध का केंद्र भी बनेगी। लाइब्रेरी के कारण ही रामपुर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने लाइब्रेरी के सभी भवनों के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव ने शिशु सदन का किया निरीक्षण

मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा ने शिशु सदन का भी निरीक्षण किया। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने एक-एक कमरे में जाकर बच्चों के रहने की व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही बच्चों की लाइब्रेरी और अन्य संसाधनों का भी जायजा लिया। बाद में बच्चों को चाकलेट के डिब्बे और अन्य खाने पीने का सामान वितरित किया।

प्रदेश में लगाए जाएंगे तीस करोड़ पौधे - दुर्गाशंकर

मुख्य सचिव कहा कि आगामी 20 जुलाई को उत्तर प्रदेश में 30 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। यानी, एक गांव में कम से कम एक हजार पौधरोपण होगा। इसमें उत्तर प्रदेश के प्रत्येक निवासी को कम से कम एक पौधा लगाना होगा। यह इसलिए किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण असंतुलन से बचा जा सके और हम अपनी आगामी पीढ़ी को बेहतर माहौल दे सकें।

रविवार को मुख्य सचिव ने ग्राम सींगनखेड़ा स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। उन्होंने गांव के अमृत सरोवर के साथ ही कुंआ और बागवानी भी देखी। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों और शहर विधायक आकाश सक्सेना के साथ पौधरोपण किया।

आकाश सक्सेना के अनुरोध पर रामपुर पहुंचे मुख्य सचिव

शहर विधायक आकाश सक्सेना के अनुरोध पर पहली बार मुख्य सचिव रामपुर पहुंचे थे। उन्होंने यहां विभिन्न कार्यक्रमों और निरीक्षण करने के साथ ही शहर विधायक आकाश सक्सेना के कार्यों की जमकर सराहना की। कहा कि यहां के नगर विधायक ने बड़ा कार्य किया है कि उन्होंने स्ट्रीट वेंडरों को स्थायी और अच्छा स्थान दिलाया।

उन्होंने रजा लाइब्रेरी के सौंदर्यीकरण को लेकर भी कहा कि इसमें भी रामपुर के नगर विधायक का अहम रोल है। यदि वे इस कार्य को इतनी सजगता से नहीं लेते तो यह नहीं हो पाता। कहा कि प्रदेश सरकार भी रजा लाइब्रेरी के सौंदर्यीकरण और इसके आसपास के इलाके के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

Tags:    

Similar News