छात्राओं से छेड़छाड़ पर दो समुदायों में संघर्ष के बाद पथराव, 4 अरेस्ट

Update: 2016-08-01 14:30 GMT

बहराइच: मोहल्ला काजी कटरा में एक डांस कोचिंग में गई छात्राओं से छेड़छाड़ के बाद दो समुदायों में टकराव हो गया। एक समुदाय के कुछ युवकों ने रविवार देर शाम डांस कोचिंग की छात्राओं से छेड़छाड़ की। छात्राओं ने घर लौटकर परिवारीजनों को बताया तो देर रात दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी के दौरान दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चले।

मारपीट में चार युवक घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एक धर्मस्थल पर भी पत्थर फेंके गए। जिससे तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर 6 थानों की पुलिस तैनात की गई है। घटना की सूचना पर एसपी ने रात मेें घटना स्थल का मुआयना किया।

क्‍या है पूरा मामला

-दरगाह शरीफ थाना के मोहल्ला काजी कटरा में संस्कृत पाठशाला छात्रावास के निकट डांसिंग कोचिंग क्लास चलती है।

-इस कोचिंग क्लास में शहर के विभिन्न मोहल्लों की छात्राएं नृत्य सीखने आती हैं।

-रविवार देर शाम तीन छात्राएं जब कोचिंग क्लास जा रही थीं।

-तभी एक समुदाय विशेष के आधा दर्जन युवकों ने छेड़छाड़ करते हुए अश्लीलता की।

-छात्राओं के विरोध करने पर धमकी भी दी। किसी तरह छात्राएं क्लास में पहुंची।

-देर शाम घर लौटकर छात्राओं ने परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी।

-परिवार के लोग रात 10:30 बजे के आसपास छेड़छाड़ करने वाले युवकों के परिवारीजनों से शिकायत करने पहुंचे तो कहासुनी के दौरान मारपीट शुरू हो गई।

-दोनों समुदाय के लोग सैकड़ों की संख्या में जमा हो गए। इसके बाद जमकर ईंट-पत्थर चले।

-इससे भदगड़ की स्थिति बन गई। आसपास की दुकानें बंद हो गई।

-कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ला और दरगाह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।

-इसी दौरान समुदाय विशेष की ओर से एक धर्मस्थल पर पथराव कर दिया गया।

-इससे लोगों का आक्रोश और भड़क उठा। पथराव में 6 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

-इनमें काजीपुरा निवासी चंदन (28) और गोकुल (26) का सिर फट गया है।

-स्थिति काफी गंभीर है। हालात बिगड़ते देख कोतवाली देहात, रानीपुर, रिसिया, रामगांव थानों की पुलिस भी बुलाई गई है।

क्या कहते हैं बहराइच एसपी

-छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के बाद दो समुदाय में संघर्ष हुआ है।

-इस मामले में एक पक्ष की तरफ से मिली तहरीर के अनुसार 5 को नामजद व कई अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

-इनमें से चार नामजद युवकों की गिरफ्तारी हो गई है।

-अन्य की तलाश मेें दबिश डाली जा रही है। घटनास्थल पर तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।

Tags:    

Similar News