Lucknow News: ऊर्जा मंत्री ने प्रदेश सरकार के आठ सालों की गिनाई उपलब्धियां: बीमारू राज्य से उबर कर देश की जीडीपी में 9 प्रतिशत का योगदान: एके शर्मा
नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने प्रदेश की विकास यात्रा को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने अपनी आर्थिक और सामाजिक स्थिति में अभूतपूर्व सुधार किए हैं।;
Lucknow News: Photo-Social Media
Lucknow News: यूपी के नगर विकास और ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने मंगलवार को प्रदेश सरकार के सुरक्षा और सुशासन के आठ वर्षों की उपलब्धियों का ब्योरा दिया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में उन्होंने राज्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और केंद्र-प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में स्थिर शासन का स्वर्णिम काल चल रहा है, जो सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
प्रदेश के विकास में 8 वर्षों की अहम भूमिका
नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने प्रदेश की विकास यात्रा को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने अपनी आर्थिक और सामाजिक स्थिति में अभूतपूर्व सुधार किए हैं। सेवा, सुशासन और सुरक्षा के आठ वर्षों में प्रदेश में उत्कर्ष और अंत्योदय की ओर महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। गरीब कल्याण, नारी सम्मान, कृषि विकास, स्मार्ट नगर, अपराध पर नियंत्रण और बेमिसाल बिजली आपूर्ति जैसे प्रमुख क्षेत्रों में प्रदेश ने उल्लेखनीय सुधार किया है।
प्रदेश के 6 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से निकाला बाहर
उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले आठ वर्षों में 6 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। इसके अलावा, प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 1.86 करोड़ परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन और 9 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया। जौनपुर जिले में 12 लाख लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलीं, जिनमें से 51 हजार से अधिक लोग 156 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ उठा चुके हैं। वहीं कृषि क्षेत्र में भी प्रदेश ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। वर्ष 2017 तक कृषि विकास दर 2-3 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 13.7 प्रतिशत हो गई है। प्रदेश की जीडीपी में कृषि का योगदान 28 प्रतिशत से अधिक हो गया है। सिंचाई क्षमता में भी वृद्धि हुई है, जो 2017 तक 82 लाख हेक्टेयर थी, अब बढ़कर 131 लाख हेक्टेयर हो गई है।
स्मार्ट नगरों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में बड़ा कदम
एके शर्मा ने प्रदेश के नगरीय परिवेश में सुधार की दिशा में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य की एक तिहाई आबादी नगरीय क्षेत्रों में रहती है, जो प्रदेश की जीडीपी में 65 प्रतिशत योगदान करती है। इसके लिए 125 नए नगरीय निकायों का गठन किया गया और हजारों करोड़ों रुपए खर्च कर नगरों को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
विद्युत व्यवस्था में सुधार और सोलर परियोजनाओं का आगाज
प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। अब 1.21 लाख से अधिक मजरों का विद्युतीकरण हो चुका है, और शेष मजरों का विद्युतीकरण कार्य जारी है। इसके अलावा, प्रदेश में 3 हजार मेगावाट क्षमता की सोलर परियोजनाएं कार्यरत हैं, जिससे हर क्षेत्र में बिजली की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।
औद्योगिकीकरण और रोजगार में सुधार
प्रदेश ने औद्योगिकीकरण के क्षेत्र में भी तेजी से कदम बढ़ाए हैं। प्रदेश में हजारों करोड़ों रुपए का निवेश हो रहा है और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भी राज्य ने उल्लेखनीय सुधार किए हैं। बेरोजगारी दर में भी कमी आई है, जो 2016 में 18 प्रतिशत थी, अब घटकर केवल 3 प्रतिशत रह गई है। तो वहीं प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाने की योजना पर कार्य हो रहा है। 44 राज्य सरकार और 36 निजी क्षेत्र के मेडिकल कॉलेजों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।
देश की जीडीपी में 9 प्रतिशत का योगदान
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने महाकुंभ 2025 के आयोजन का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया भर से लाखों लोग इस आयोजन में भाग लिए और यहां की व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयागराज से जुड़े पांच प्रमुख धार्मिक कॉरिडोर के निर्माण की भी जानकारी दी। वहीं प्रदेश के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य से उबर कर देश की जीडीपी में 9 प्रतिशत का योगदान कर रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने एक नई पहचान बनाई है, जो अब देश में सबसे ज्यादा विकास करने वाले राज्यों में शामिल है।