Etah News: शिक्षकों का शोषण, 15 माह से नहीं लगी वेतन वृद्धि, बीआरसी से पत्राजात गायब

Etah News: गांव नारऊ वीरनगर में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर सुभाष चन्द्र उपाध्याय तैनात है। बताया गया है कि प्रधानाध्यापक सुभाष चन्द्र उपाध्याय की वेतन वृद्धि गत माह जुलाई 2023 से नहीं लगी है।

Report :  Sunil Mishra
Update:2024-10-21 19:55 IST

Eatah News ( Pic- Newstrack)

Eatah News: एटा जनपद की तहसील जलेसर क्षेत्र में बेसिक शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार, अनियिमितता एवं शिक्षकों का उत्पीड़न थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में शिक्षकों का आर्थिक शोषण किस कदर किया जा रहा है। इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि अवागढ़ ब्लॉक का एक प्रधानाध्यापक बीते आठ माह में बीएसए एटा कार्यालय में कई बार प्रार्थना पत्र दे चुका है, मगर अभी तक विभागीय अधिकारियों द्वारा उक्त शिक्षक की वेतन वृद्धि नहीं लगायी गयी है। बीएसए एटा द्वारा बीईओ अवागढ़ से मांगी गई आख्या सम्बन्धी पत्र भी बीआरसी खुशरई से गायब हो गया है। पीड़ित शिक्षक विभागीय अधिकारियों के चक्कर लगाते लगाते परेशान है, मगर उसकी वेतन वृद्धि अभी तक नहीं लग पायी है।

जिले के ब्लॉक अवागढ़ क्षेत्र के गांव नारऊ वीरनगर में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर सुभाष चन्द्र उपाध्याय तैनात है। बताया गया है कि प्रधानाध्यापक सुभाष चन्द्र उपाध्याय की वेतन वृद्धि गत माह जुलाई 2023 से नहीं लगी है। पीड़ित प्रधानाध्यापक द्वारा वेतन वृद्धि लगवाने के लिए सबसे पहले 05 मार्च 2024 में एक प्रार्थना पत्र बीएसए कार्यालय में प्रस्तुत किया था। लगभग पांच माह में कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित शिक्षक द्वारा पुनः 08 अगस्त 2024, 04 सितम्बर 2024 एवं 15 अक्टूबर 2024 को भी वेतन वृद्धि लगवाये जाने की बाबत बीएसए कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिये गये थे। फिर भी विभाग द्वारा वेतन वृद्धि नहीं लगायी गयी है।

पीड़ित शिक्षक ने बताया कि विवाद की स्थिति में उसे साजिशन निलंबित कर दिया गया था। निलम्बन के उपरान्त जॉच अधिकारी की आख्या 06 दिसम्बर 2023 के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा पीड़ित शिक्षक को विनिर्दिष्ट अवधि में एक अस्थायी वेतनवृद्धि को रोकते हुये सवेतन बहाल कर दिया गया था। बहाल होने के उपरान्त बीएसए कार्यालय के आदेश के अनुपालन में गत 14 दिसम्बर 2023 को पूर्व माध्यमिक विद्यालय सलेमपुर अवागढ, एटा से कार्यमुक्त होकर पदस्थापित विद्यालय उच्च प्राथमिक विद्यालय नारऊ वीरनगर अवागढ, एटा में कार्यभार ग्रहण कर लिया था। मगर विनिर्दिष्ट अवधि में वेतनवृद्धि पर जुलाई 2023 से अस्थायी रूप से लगायी गयी रोक को हटाकर वेतनवृद्धि को अभी तक बहाल नही किया गया है।

बीआरसी से गायब हो गये शिक्षक के पत्राजात

जलेसर। पीड़ित शिक्षक के अनुसार गत 04 सितम्बर को दिये गये पत्र के सम्बंध में बीएसए कार्यालय द्वारा 14 सितम्बर को बीईओ अवागढ़ को जांच आख्या भेजे जाने के सम्बंध मे एक पत्र भेजा गया था। जो बीआरसी से गायब होना बताया गया है। बिल बाबू के कहने पर पुनः गत 15 अक्टूबर को बीएसए कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया गया है। मगर सवाल यह उठता है कि पीड़ित शिक्षक पूर्व में चार बार प्रार्थनापत्र दे चुका है। ऐसी स्थिति में चार बार भेजे गये पत्राजात कहाँ गायब हो गये। ऐसे तो अबतक न जाने कितने शिक्षकों के महत्वपूर्ण अभिलेख बीआरसी से गायब हो गये होंगे। बीआरसी से पत्राजातों का गायब होना विभाग में हो रहे बड़े गोलमाल की ओर इशारा करता है।

वही अवागढ़ ब्लॉक के बिल लिपिक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि उपरोक्त सम्बन्ध में बीएसए कार्यालय से सितम्बर माह में बीआरसी पर एक पत्र आने की जानकारी मिली थी। जिसमे बीईओ से वेतन वृद्धि लगाने सम्बन्धी आख्या मांगी गयी थी। यह पत्र अभी तक उन्हें नही मिला है। पत्र कहाँ गुम हो गया कोई जानकारी नहीं है। जिसकी वजह से वेतन वृद्धि लगाये जाने सम्बन्धी कार्यवाही पूरी नहीं हो सकी है।बीईओ अवागढ़ पवन कुमारी ने बताया कि आज ही उन्हें बीएसए कार्यालय से पत्र मिला है। पिछले पत्रों के बारे में उन्हें कोई जानकारी नही है।

Tags:    

Similar News