Etah News: अवागढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष पर 4 करोड़ के भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, जांच शुरू

Etah News: राष्ट्रीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रमुख शिव प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।;

Update:2025-03-01 18:34 IST

Etah News (Image From Social Media)

Etah News: जनपद की नगर पंचायत अवागढ़ के चेयरमैन महेश पाल सिंह पर लगभग 4 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगे हैं। राष्ट्रीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रमुख शिव प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। शिकायत में नगर पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों में वित्तीय गड़बड़ियों का आरोप लगाया गया है।आपको बताते चलें अवागढ़ पंचायत जनपद में अच्छे कार्य करने वाली पंचायत में से एक है तथा यहां के चेयरमैन तीसरी बार जनता ने चुने है।

शिकायत के अनुसार, महेश पाल सिंह पर 1.73 करोड़ रुपये की राशि बिना नाला बनाए निकालने का आरोप है। इसके अलावा, 30 लाख रुपये पाइपलाइन डाले बिना ही निकाले जाने की बात सामने आई है। वहीं, 1.98 करोड़ रुपये पेयजल योजना के तहत नल रिवोर और अन्य योजनाओं में अनियमितता करने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन आरोपों से नगर पंचायत प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने तत्काल जांच टीम गठित कर दी है। जांच का जिम्मा एडीएम सत्यप्रकाश सिंह को सौंपा गया है। उन्हें नगर पंचायत अवागढ़ में हुए कथित भ्रष्टाचार की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इस जांच के दौरान सभी वित्तीय लेन-देन और विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया जाएगा।

नगर पंचायत अवागढ़ के चेयरमैन महेश पाल सिंह पर लगे इन गंभीर आरोपों को लेकर स्थानीय लोगों और विपक्षी दलों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोग मांग कर रहे हैं कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब जांच के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Tags:    

Similar News