Flood in UP: कहीं राहत तो कहीं आफत, जानें बाढ़ का हाल

बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते प्रदेश की कई नदियां उफान पर आ गई हैं।

Newstrack :  Network
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-18 18:07 GMT

अयोध्या में सरयू उफान पर

Flood in UP: बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते प्रदेश की कई नदियां उफान पर आ गई हैं। नदियों के जलस्तर बढ़ने से किनारे बसे गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। प्रस्तुत है जिलों से बाढ़ पर रिपोर्ट...

अयोध्या: सरयू ने लिया रौद्र रूप, तटवर्ती इलाकों में बढ़ा पलायन

अयोध्या में सरयू ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। नेपाल से 1.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से सरयू में उफान तेज हो गया है। सरयू खतरे के निशान से 16 सेमी ऊपर बह रही है। सरयू के रौद्र रूप से तटवर्ती इलाकों में पलायन तेज हो गया है।प्रशासन ने बंधे की निगरानी बढ़ा दी है। आपको बता दें कि सरयू का जलस्तर प्रतिघंटे आधा सेमी. की रफ्तार से बढ़ रहा है। मंगलवार शाम पांच बजे सरयू का जलस्तर 92.89 मीटर रिकॉर्ड किया गया जो कि खतरे के निशान 92.73 मीटर से 16 सेमी. ऊपर है।

केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल से 1.20 लाख क्यूूसेक पानी छोड़े जाने व पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के कारण सरयू में उफान तेज हुआ है।

जल आयोग की रिपोर्ट के मुुताबिक सरयू में अभी उफान जारी रहेगा। पिछले 24 घंटे में सरयू के जलस्तर में नौ सेमी. की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उधर सरयू में उफान के चलते रुदौली के दो गांव बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं। रुदौली के कैथी मांझा व नासिरपुर गांव में रास्ते में पानी भर गया है। हालांकि अभी आबादी तक पानी नहीं पहुंचा है फिर गांव की खेती पानी में डूब गई है तो वही पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा हो गया है। लोग बाढ़ की संभावना को देखते हुए ऊंचे स्थानों पर शरण लेने लगे हैं।

एडीएम वित्त एवं राजस्व जीएल शुक्ल ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए हमारी पूरी तैयारी है। गांवों में आवागमन के लिए चार बड़ी नावें लगवा दी गई हैं। वहीं अभी सदर व सोहावल में बाढ़ का खतरा नहीं है। आबादी के इलाकों में पानी नहीं पहुंचा है। पूरा बाजार के कुछ गांव के मुहाने तक बाढ़ का पानी जरूर पहुंच गया है, फिर भी गांव अभी सुरक्षित हैं। रुदौली में छह, सोहावल में तीन व सदर में एक बाढ़ चौकी स्थापित की गई है। इस पर समस्त संसाधन उपलब्ध हैं साथ ही चिकित्सा, राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम भी तैनात की गई है। तिरपाल, राहत सामग्री का पूरा स्टॉक है।बताया गया कि जब जलस्तर 93 मीटर को पार करता है तब बाढ़ की स्थिति बनती है। प्रतिघंटे वह स्वयं बाढ़ की स्थिति पर नजर रखे हैं।

रिपोर्ट- नाथ बक्स सिंह

हमीरपुर: केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को बांटी राहत सामग्री


राज्य मंत्री भारत सरकार, ग्रामीण विकास विभाग साध्वी निरंजन ज्योति ने हमीरपुर नगर पालिका के गौरादेवी एवं यमुना घाट मुहल्ले के विगत दिनों आयी बाढ़ से प्रभावित लोगों को मुख्यालय स्थित श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया।

इस मौके पर मंत्री द्वारा बाढ़ से प्रभावित 50 परिवारों के लिए एक माह हेतु दो प्रकार की राहत सामग्री वितरित की गई। पहले राहत सामग्री में आटा, आलू, सरसों का तेल, मोमबत्ती, माचिस, साबुन, मसालें आदि से युक्त पैकेट का वितरण किया गया। दूसरे में लइया, भुना चना, गुड आदि का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य आवश्यक सामग्री का पैकेट भी उपलब्ध कराया गया।


इस मौके पर उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगो को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा के समय में लोगों को प्रभावी ढंग से एवं त्वरित गति से राहत पहुंचाने में सरकार आपके प्रति पूर्णतः समर्पित एवं साथ है। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में हर तरह की आवश्यक सामग्री आम जनमानस तक पहुंचाई गयी है। आगे भी यह कार्य नियमित रूप से जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है तथा किसी भी प्रकार की आपदा के समय प्रभावित लोगों को त्वरित गति से सहायता मुहैया कराई जाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्तमान में 80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन मुहैया कराया जा रहा है जोकि अपने आप में एक रिकॉर्ड है। मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जो कच्चे आवास बाढ़ से प्रभावित होकर गिर गए हैं। ऐसे आवासों का चिन्हांकन कर मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्राथमिकता के साथ लाभ दिलाया जाए इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।


इस मौके पर बीजेपी जिला अध्यक्ष ब्रज किशोर गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनय प्रकाश श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी कमलेश कुमार वैश्य, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ एसडीएम सदर संजय कुमार मीणा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद हमीरपुर कुलदीप कुमार निषाद अन्य संबंधित अधिकारी तथा पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

हमीरपुर: बाढ़ की विभीषिका में सैकड़ों हुए बेघर

हमीरपुर में बीते दिनों आई बाढ़ की विभीषिका ने सैकड़ों लोगों को बेघर कर दिया है, तो वहीं सैकड़ों किसानों की फसल भी बर्बाद हुई है। इससे बाढ़ पीड़ितों के सामने पेट भरने के लाले पड़े हैं। ऐसा में शासन और प्रशासन की तरफ से बाढ़ प्रभावितों की हर संभव मदद का दावा किया जा रहा है। वहीं बाढ़ पीड़ितों के मुताबिक प्रशासनिक दावे और हकीकत में काफी अंतर है।

सरकार ने उसी ज़िम्मेदारी को निभाते हुए आज, केन्द्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को हमीरपुर भेजा था। यहां इन्होंने सैकड़ों बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनको ड्राई राशन वितरित किया। अब शासन और प्रशासन की यह भी ज़िम्मेदारी बनती है कि जो लोग घर से बेघर हुए हैं। उनको जल्द से जल्द चिन्हित कराते हुए आर्थिक मदद भी उपलब्ध करा दी जाए। ताकि बाढ़ पीड़ित अपना आशियाना बना लें, क्यूंकि आने वाला मौसम सर्दी का है, और इन लोगों के पास सर छिपाने की जगह होनी चाहिए। हालांकि केन्द्रीय मंत्री ने सभी समस्याओं का समाधान निकालने की बात कही है।

रिपोर्ट- रवींद्र सिंह

Tags:    

Similar News