Amethi News: सारस के दोस्त आरिफ को वन विभाग ने भेजा नोटिस, मांगा जवाब

Amethi News:मनुष्य और बेजुबान जीवों के बीच प्यार के रिश्ते की मिसाल पेश कर चुके आरिफ की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का हवाला देते हुए वन विभाग ने आरिफ को नोटिस देकर कार्यालय बुलाया गया है। संतोषजनक जवाब ना मिलने पर वन विभाग आरिफ के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है।

Update: 2023-03-26 05:39 GMT
सारस का दोस्त आरिफ (फोटो: सोशल मीडिया)

Amethi News: मनुष्य और बेजुबान जीवों के बीच प्यार के रिश्ते की मिसाल पेश कर चुके आरिफ की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वन्य जीव संरक्षण अधिनियम का हवाला देते हुए वन विभाग ने आरिफ को नोटिस देकर कार्यालय बुलाया गया है। संतोषजनक जवाब ना मिलने पर वन विभाग आरिफ के खिलाफ कार्रवाई कर सकता है। गौरतलब है कि पिछले महीने भर से आरिफ के साथ सारस पक्षी की दोस्ती की दूर-दूर तक चर्चा हुई थी। दोनों साथ रहते, घूमते और खाते-पीते थे। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव उनसे मिलकर आए थे। इसके बाद वन विभाग के टीम सारस को प्राकृतिक पुनर्वास के नाम पर उठा ले गई थी। उसे पंछी विहार में छोड़ दिया गया था और इधर, सारस के चले जाने से आरिफ काफी दुखी था। अब आरिफ को वन विभाग के सवालों का जवाब भी देना पड़ेगा।

अखिलेश यादव के जाते ही टूटा रिश्ता, बढ़ी मुश्किलें

जिले के मंडखा निवासी आरिफ सारस पक्षी से दोस्ती कर सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहे थे। देश दुनिया में सारस पक्षी के साथ वायरल आरिफ की तस्वीरें सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव तक भी पहुंचीं। 5 मार्च को अखिलेश यादव एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आए थे। अखिलेश यादव अपने समर्थकों के साथ जामो के मंडखा गांव पहुंच गए। आरिफ और सारस से मिल कर उनकी तस्वीरों को ट्वीट भी किया।

अखिलेश यादव के जाते ही आरिफ की मुसीबतों का दौर शुरू हो गया। 9 मार्च को उप प्रभागीय वनाधिकारी ने आरिफ को नोटिस जारी कर दिया। अभी नोटिस आरिफ तक पहुंची भी नहीं थी कि मुख्य वन संरक्षक के आदेश पर 21 मार्च को राजकीय पक्षी सारस को आरिफ से अलग कर रायबरेली के समसपुर पंछी विहार पहुंचा दिया गया। आरिफ इस दर्द से उबर भी नहीं पाए थे कि अब वन विभाग के गौरीगंज रेंज के सहायक वनरक्षक रणवीर मिश्र की तरफ से नोटिस जारी हो गया है।

2 अप्रैल को बुलाया वन विभाग के दफ्तर

आरिफ और राजकीय पक्षी सारस के मामले की जांच सहायक वन संरक्षक रणवीर मिश्र को दी गई है। रणवीर मिश्र ने आरिफ को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दो अप्रैल 2023 को सुबह 11 बजे अपने कार्यालय में तलब किया है। आरिफ पर वन विभाग द्वारा दी गई नोटिस को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

ये पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पूरे मामले को लेकर सहायक वनरक्षक रणवीर मिश्र ने बताया कि मोहम्मद आरिफ को वन विभाग की तरफ से एक नोटिस जारी की गई है और उन्हें प्रभागीय वन अधिकारी कार्यालय में बुलाया गया है। जहां आरिफ और सारस के विषय को लेकर उनका पक्ष सुना जाएगा।

Tags:    

Similar News