गोरखपुर: मतदान के दौरान हंगामा, वोटर लिस्ट से नाम काटने का आरोप
सकरी के ग्राम भटौरा में 135 लोगों का नाम काटने का आरोप लगा है जिससे गांव वाले चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दे रहे हैं।;
गोरखपुर: मतदान के दौरान हंगामा, वोटर लिस्ट से नाम काटने का आरोप
गोरखपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया छिटपुट विवाद के बीच चालू हैं। सुबह 11 बजे तक 20.8 फीसदी वोट पड़ चुके थे। मतदान स्थलों पर लंबी कतारें देखी गईं। कहीं कोरोना संक्रमण को लेकर संजीदगी दिखी, तो कहीं वेपरवाही। गगहा में ग्राम सकरी के बूथ संख्या 24 में 150 लोगों का नाम कटने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस-प्रशासन विवाद पर नजर रखे हुए हैं।
गोरखपुर के 4657 बूथों पर 29 लाख 78 हजार 569 मतदाता कड़ी सुरक्षा के बीच चार पदों पर प्रत्याशियों में गांव की सरकार के लिए मतदान कर रहे हैं। जिले में प्रधान के 8822, सदस्य के 6893, बीडीसी के 8176 और जिला पंचायत सदस्य के 868 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव को लेकर सुबह 6 बजे से ही बूथों पर कतारें देखी जाने लगीं। बुजुर्ग से लेकर युवाओं में काफी उत्साह दिखा। सरदारनगर के टेलहनापार ग्राम पंचायत में वार्ड नंबर एक से 13 तक के ग्राम पंचायत सदस्य चुनाव के लिए बैलेट पेपर नही पहुंचा। लोगों ने इसे लेकर अधिकारियों को सूचना दी है। वहीं गगहा ब्लाक के ग्राम सभा सकरी बूथ संख्या 24 पर भटौरा के मतदाता 150 लोगों का नाम काट दिया गया है। जिससे लोग आक्रोशित दिखे। प्रधान प्रत्याशी शैलेश यादव धरने पर बैठे हैं। ग्रामसभा सोनबरसा खुर्द निवासिनी मानवती देवी 103 वर्ष की हैं। उन्होंने खुद बूथ पर चलकर वोट डाला।
वोटिंग लिस्ट से नाम काटने का आरोप
गगहा ब्लॉक के ग्राम सभा सकरी के ग्राम भटौरा में 135 लोगों का नाम काटने का आरोप लगा है। जिससे गांव वाले चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि भटौरा और मठधर्मसेन का कोई व्यक्ति वोट नहीं डालेगा। खजनी तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा सरया तिवारी के टोला तेतरिया के सभी मतदाताओं ने विकास न होने से वोट का बहिष्कार किया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान के भ्रष्टाचार की शिकायत मुख्यमंत्री महोदय से लेकर सभी आला अधिकारियों को सूचित किया है।