Gorakhpur News: CM पहुंचे गोरखपुर, संघ प्रमुख से मुलाकात पर सभी की निगाहें

Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचे। वह कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दोपहर बाद उनकी मुलाकात संघ प्रमुख मोहन भागवत से होगी।

Update: 2024-06-15 07:16 GMT

गोरखपुर में आज संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ (न्यूजट्रैक)

Gorakhpur News: संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा चुनाव परिणामों को लेकर दिये गए बयानों के बाद संघ और भाजपा के रिश्तों को लेकर चर्चाएं चरम पर हैं। इसी बीच सूचना मिली है कि 31 अगस्त से केरल के पलक्कड़ में आरएसएस, भाजपा और उनके सहयोगियों की तीन दिवसीय वार्षिक बैठक शुरू होगी। जिसमें समन्वय को लेकर चर्चा होगी। इन कार्यक्रमों और चर्चाओं के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर पहुंच गए हैं। दोपहर बाद उनकी संघ प्रमुख के साथ मुलाकात होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचे। वह कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। दोपहर बाद उनकी मुलाकात संघ प्रमुख मोहन भागवत से होगी। लोकसभा चुनाव के बाद संघ प्रमुख से सीएम योगी की होने जा रही इस पहली मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। लखनऊ से दिल्ली तक राजनीतिक विश्लेषकों की इस मुलाकात पर नजर हैं। संघ प्रमुख 12 जून से गोरखपुर में पांच दिवसीय प्रवास पर हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग कार्यक्रम में शुक्रवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी में स्वयं सेवकों का पथ संचलन हुआ। पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों ने एकरूपता दिखाकर वसुधैव कुटुंबकम का मंत्र दिया। संघ प्रमुख ने एसवीएम पब्लिक स्कूल गेट के बाहर बने मंच से पथ संचलन का अवलोकन किया। करीब 25 मिनट के पथ संचलन में चारों प्रांत के स्वयंसेवक काली टोपी, सफेद शर्ट और खाकी पैंट पहनकर अनुशासन और एकरूपता का प्रदर्शन कर रहे थे।

स्वयंसेवक इस दौरान देश और समाज को एक सूत्र में पिरोने के लिए वसुधैव कुटुंबकम का संदेश दे रहे थे। एक-एक घंटे के बौद्धिक सत्र में संघ प्रमुख ने 18 से 40 वर्ष के युवा स्वयंसेवकों को संघ के अनुशासन के साथ दैनिक दिनचर्या और देश-समाज हित का ज्ञान दिया। सभी सत्र ‘भारत के सांस्कृतिक गौरव’, देश, हिंदुत्व, समाज, कुटुम्ब, प्रबोधन, समरसता, सेवा पर केन्द्रित रहे। संघ प्रमुख गोरखपुर में 15 जून तक वर्ग में भाग लेंगे। 16 जून को वे गोरखपुर से प्रस्थान करेंगे।

चिड़ियाघर पहुंचे सीएम, नाला निर्माण का किया निरीक्षण

जिसके बाद वह चिड़ियाघर को रवाना हो गए। जहां मुख्यमंत्री ने दर्शकों के लिए बब्बर शेरों को बाड़े में छोड़ा। इसके साथ ही 10 महीने के बाघ का नामकरण भी किया। बब्बर शेरनी मरियम की मौत के बाद केवल पटौदी ही गोरखपुर चिड़ियाघर में बचा था। सीएम ने लखीमपुर खीरी से लाए गये 10 महीने के बाघ का नामकरण किया। इसके बाद वह देवरिया बाईपास फोरलेन के निर्माण कार्य और नाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्राइंग देखकर पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएम ने जलभराव को लेकर हर जरूरी उपाय करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री एनेक्सी भवन में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। चुनाव परिणामों के बाद पहली बार गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Tags:    

Similar News