Gorakhpur News: पवन सिंह के बारे में बोलने से बचते दिखे रवि किशन, कहा- वह मेरा छोटा भाई

Gorakhpur News: गोरखपुर से भाजपा प्रत्याशी ने काराकाट लोकसभा सीट से भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे पवन सिंह पर बयान देने से बचते नजर आए।

Update: 2024-05-23 11:42 GMT

पवन सिंह और रवि किशन। (Pic: Social Media)

Gorakhpur News: बिहार के काराकाट लोकसभा सीट से निर्दल चुनाव लड़ रहे पवन सिंह ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। दो दिन पहले उन्हें भाजपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पवन सिंह के पुराने सहयोगी रहे रवि किशन इस निष्कासन पर कुछ बोलने से बच रहे हैं। गुरुवार को गोरखपुर में रवि किशन पवन सिंह को लेकर मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल से असहज दिखे। उन्होंने कहा कि पवन तो मेरा छोटा भाई है। उसके निष्कासन पर क्या प्रतिक्रिया है के सवाल पर रवि किशन ने कहा कि इन दिनों चुनाव प्रचार में व्यस्त हूं। निष्कासन की जानकारी नहीं है।

पवन सिंह को भाजपा ने दिया था टिकट

बिहार भाजपा ने भोजपुरी गायक पवन सिंह को एनडीए के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए निष्कासित कर दिया। पवन सिंह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के अधिकृत प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा के विरोध में चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि पवन सिंह ने पहले स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में काराकाट लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के अपने फैसले की घोषणा की थी। इससे पहले भाजपा ने उन्हें आसनसोल लोकसभा का टिकट दिया है। भाजपा चाहती थी कि पवन सिंह आसनसोल से ही चुनाव लड़ें। लेकिन, अगले ही दिन पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। अब पवन सिंह को भोजपुरी गायकों और फिल्म स्टार से समर्थन नहीं मिलने पर सोशल मीडिया पर खूब बहसबाजी चल रही है। गुरुवार को रवि किशन ने पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी कोयला घोटाला की बात कर रहे हैं। जिसका पूरा दामन ही भ्रष्टाचार की कालिख से काला है। कांग्रेस ने हर कदम पर भ्रष्टाचार किया है।

अमित शाह करेंगे गोरखपुर में रोड शो

इसके साथ ही रवि किशन ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह 29 मई को गोरखपुर में टाउन हाल से रेती रोड, नखास होते हुए विजय चौक तक रोड शो करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। करीब 3 किलोमीटर लंबा रोड शो ऐतिहासिक होगा।

Tags:    

Similar News