Gorakhpur News: रंगमंच के द्रोणाचार्य हैं श्रीनारायण, अनूठे ‘अभियान’ में 9 रंगकर्मियों को दिला दिया NSD दाखिला

Gorakhpur News: मुख्य अतिथि प्रोफेसर पूनम टंडन कुलपति दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने चयनित कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह शहर सांस्कृतिक दृष्टिकोण से अत्यंत समृद्ध है।

Update: 2024-07-14 02:27 GMT

अभियान थिएटर ग्रुप रंगमंच के कलाकारों का हुआ गोरखपुर में सम्मान (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में अभियान थिएटर ग्रुप रंगमंच के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किया है। यहां के चार युवा रंगकर्मियों का चयन नई दिल्ली के राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में हुआ है। अभी तक यहां के कुल 9 रंककर्मी एनएसडी में चयनित हो चुके हैं। शनिवार की देर रात इन रंगकर्मियों के सम्मान में शहर का प्रबुद्ध वर्ग जुटा। चयनित रंग कर्मियों पूर्णिमा शर्मा, अवधेश यादव, सत्यम कुशवाहा और मोहम्मद बादशाह ने अपनी रंगमंचीय यात्रा के बारे में अपने अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर गोरखपुर रंग महोत्सव 2024 की विवरणिका का लोकार्पण भी किया गया।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर पूनम टंडन कुलपति दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने चयनित कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह शहर सांस्कृतिक दृष्टिकोण से अत्यंत समृद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि रंगमंच के क्षेत्र में अभियान थिएटर ग्रुप ने पूरे देश में एक इतिहास रचा है। कहा कि छात्रों को पढ़ाई के अतिरिक्त सांस्कृतिक एवं खेलकूद जैसी अन्य अनौपचारिक गतिविधियों से जुड़े रहना बहुत जरूरी है और अभिनेता एक अच्छा मनोवैज्ञानिक भी होता है तथा समाज में अन्य लोगों से बेहतर ढंग से जीवन जीता है।

एनएसडी में चयनित कलाकार अपने गुरु श्रीनारायण पांडेय के साथ

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए साहित्यकार और शहरनामा पुस्तक के संपादक डॉक्टर वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में चयन अत्यंत दूरूह है, परंतु अभियान के द्रोणाचार्य श्री नारायण पांडे के संरक्षण और निर्देशन ने इन रंग कर्मियों के चयन को सहज बना दिया। उन्होंने यह भी कहा कि आईएएस, आईपीएस के समतुल्य है यह चयन, परंतु उससे ज्यादा महत्वपूर्ण है। विशिष्ट अतिथि डॉक्टर हर्षवर्धन राय ने कहा कि अभियान थिएटर ग्रुप ने पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी रंगमंच के क्षेत्र में एक ऐसा इतिहास रचा है जो पूरे देश में सदैव याद किया जाएगा।


इस अवसर पर उन्होंने गोरखपुर रंग महोत्सव 2024 के बारे में भी योजनाओं की रूपरेखा रखी। विशिष्ट अतिथि डॉक्टर बृजेंद्र नारायण कार्यक्रम अधिकारी दूरदर्शन, आकाशवाणी गोरखपुर ने कहा कि अभियान थिएटर ग्रुप की विशेषता है कि यहां रंगमंच के प्रत्येक विधाओं का प्रशिक्षण होता है। यहां के रंगकर्मी प्रत्येक विधाओं में दक्ष होते हैं। इस संस्था की कार्य संस्कृति अनुकरणीय है। विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर ओ.पी.सिंह प्राचार्य दिग्विजय नाथ पीजी कॉलेज ने कहा कि अभियान थिएटर ग्रुप के रंगकर्मी यहां से दक्ष होकर पूरे देश में गोरखपुर की गरिमा बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभाव के गर्भ से संघर्ष की चेतना विकसित होती है और अभियान के चयनित रंग कर्मियों ने इसे साबित किया है।


हमें ऐसा माहौल देना होगा कि बच्चे अपनी मन की बात कह सकें

विशिष्ट अतिथि डॉक्टर यशवंत राव उपनिदेशक बौद्ध संग्रहालय गोरखपुर ने कहा कि हमारे समाज का दुर्भाग्य है कि आज भी हम अपने बच्चों को वह माहौल नहीं दे पा रहे हैं कि वह अपने मन की बात अभिभावक से कह लें। हमें ऐसा माहौल देना पड़ेगा। अभियान की तारीफ करते हुए कहा कि आज इन उपलब्धियों से पूरा शहर गौरवान्वित हो रहा है। सभी अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद अभियान के अध्यक्ष श्री नारायण पांडे ने किया और इस कार्यक्रम का संचालन जय गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रवीण श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, हरी प्रसाद सिंह, मानवेंद्र त्रिपाठी, नवीन श्रीवास्तव, प्रदीप, अशोक महर्षि, सत्यनारायण पथिक, अर्पिता उपाध्याय, नवीन पांडे, विनोद राय माधवेंद्र पांडे, शैलेश त्रिपाठी, नवीन पान्डेय आदि रंग प्रेमी और अभियान थिएटर ग्रुप के कलाकार उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News