Hapur News: कमरे में मृत मिले पीएम ड्यूटी में लगे दरोगा, सड़क हादसे में हुए थे घायल

Hapur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में वीआईपी ड्यूटी के लिए जा रहे कार सवार दरोगा व दो हेड कांस्टेबलों की कार जिला बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में डिवाइडर से टकरा गई।

Report :  Avnish Pal
Update: 2024-01-25 12:40 GMT

हापुड़ में कमरे में मृत मिले पीएम ड्यूटी में लगे दरोगा (न्यूजट्रैक)

Hapur News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में वीआईपी ड्यूटी के लिए जा रहे कार सवार दरोगा व दो हेड कांस्टेबलों की कार जिला बुलंदशहर के थाना सिकंदराबाद क्षेत्र में डिवाइडर से टकरा गई। इसमें थाना देहात क्षेत्र की भीमनगर चौकी पर तैनात दरोगा रामपाल सिंह व हेड कांस्टेबल मोहित शर्मा घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें भेज दिया। इसके बाद होटल में जाकर दरोगा व दोनों हेड कांस्टेबल अपने-अपने कमरे में सो गए। गुरूवार सुबह दरोगा अपने कमरे में अचेत मिले। जिन्हें अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से जिला पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

इस तरह हुई थी सड़क दुर्घटना

हेड कांस्टेबल जोरावर सिंह ने बताया कि उनकी और दरोगा रामपाल सिंह व हेड कांस्टेबल मोहित शर्मा की पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा में ड्यूटी लगी थी। बुधवार की शाम वे तीनों कार से सवार होकर सिकंदराबाद होटल में पहुंचे। बुधवार की देर रात करीब ग्यारह बजे तीनों कार से खाना खाकर वापस होटल के लिए लौट रहे थे। घना कोहरा होने के कारण उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। इसमें दरोगा रामपाल सिंह की नाक व मोहित शर्मा की पसली में मामूली चोटें आई।

इसके बाद होटल से गाड़ी बुलवाकर उन्हें नजदीकी अस्पताल में चिकित्सकों को दिखाया। चिकित्सकों ने दरोगा की नाक पर पट्टी कर दवाईयां देकर उन्हें भेज दिया। हेड कांस्टेबल ने बताया कि वे तीनों सोने के लिए होटल में चले गए। दरोगा व वह एक ही कमरे में सोए थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे उसने दरोगा को उठाया तो वो नहीं उठे। जिन्हें स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक दरोगा रामपाल सिंह मूलरुप से जिला मुज्जफरनगर के गांव बिलारसी के रहने वाले थे। मृतक दरोगा अपने पीछे अपनी पत्नी, दो पुत्र व एक पुत्री को छोड़ गए हैं। जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस विभाग में शोक की लहर

हापुड़ एडिशनल एसपी राजकुमार अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना देहात में तैनात उपनिरीक्षक रामपाल वीआईपी ड्यूटी में बुलंदशहर गए हुए थे। जो सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे,उन्होंने बताया कि उपनिरीक्षक रामपाल की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम बुलंदशहर पुलिस द्वारा कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों को मामले से अवगत करा दिया गया है।

Tags:    

Similar News