Hapur News: मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- दलित, आदिवासी, गरीब, मजदूरों को मिल रहा उनका हक

Hapur News: आज हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, ईमानदारी, तपस्या, त्याग के कारण देश के लोगों को दुनिया में सम्मान मिल रहा है और गरीब लखपति हो रहा है। आज गरीब के पास अपनी सब आवश्यक सुविधा उपलब्ध है।

Update:2023-05-18 22:05 IST
उत्तर प्रदेश के जलशक्ति व बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह: Photo- Newstrack

Hapur News: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति व बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गुरूवार को हापुड़ के असौड़ा गांव में पहुंचे। यहां उन्होंने अमर शहीद मातादीन वाल्मीकि सभागार का लोकार्पण किया और महर्षि वाल्मीकि मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीकार करता है, उनको अपना मानता है। सवा करोड़ देशवासियों ने तय कर लिया है कि जाति, धर्म, परिवारवाद, वंशवाद और क्षेत्रवाद को छोड़कर नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाना है। जनता-जनार्दन का उनपर पूरा आशीर्वाद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों का कल्याण हो सकता है। आज हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, ईमानदारी, तपस्या, त्याग के कारण देश के लोगों को दुनिया में सम्मान मिल रहा है और गरीब लखपति हो रहा है। आज गरीब के पास अपनी सब आवश्यक सुविधा उपलब्ध है।

नौ सालों में आया बेहतरीन परिवर्तन

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इन नौ वर्षों में समाज में परिवर्तन आया है। लोगों की सोच बदली है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में लोगों के काम करने का तरीका बदला है। अधिकारियों के क्षेत्रों में भी बदलाव आया है, गरीबों के कल्याण को लेकर लोगों की सोच बदली है। समाज में आमूल-चूल परिवर्तन हुआ है, दलित, पिछड़ों और गरीबों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मान देने का काम किया है, जिन लोगों के पास अपना बैंक एकाउंट नहीं था, केंद्र सरकार ने जन धन खाता खुलवाने का काम किया है।

आर्थिक रूप से टूटे लोगों को किया सरकार ने मजबूत

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कोरोना काल में आर्थिक रूप से कमजोर रेहड़ी पटरी वालों को ऋण देकर आर्थिक रूप से मजबूत किया गया है। वैश्विक महामारी के दौरान देश की जनता का पेट भरने का काम मोदी सरकार ने किया है। किसी को भूखा नहीं सोने दिया। आरक्षण के आधार पर केंद्रीय मंत्री मंडल में पिछड़ों और दलितों को स्थान दिया गया। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के पंचतीर्थ का निर्माण कराने का काम केंद्र सरकार ने किया है। डॉक्टर आंबेडकर की जयंती यूएनओ सहित पूरी दुनिया में मनाई जाती है।

तरक्की का संदेश देने निकले गांव-गांव

मंत्री ने कहा कि आज मोदी-योगी सरकार में गरीब के पास पक्का मकान, शौचालय, घरों में पानी की टंकी, बिजली की कनेक्शन, गैस के कनेक्शन है। इलाज कराने के लिए आयुष्मान कार्ड है। इसका संदेश देने के लिए वह गांव-गांव निकले हैं। मोदी सरकार में देश का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। आज रूस और यूक्रेन का युद्ध होता है तो मोदी के बात करने से युद्ध विराम होता है। यूक्रेन में फंसे भारतीय बच्चे सुरक्षित अपने देश वापस लौट कर आए। प्रदेश सरकार को लेकर स्वतंत्र देव ने कहा कि राज्य के अंदर पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में राज्य की कानून व्यवस्था बेहतर है। लोग शांति से रह सकते हैं। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के क्या दुर्दशा थी यह किसी से छिपी हुई नहीं है। आज हापुड़ से लखनऊ तक कोई भी महिला किसी भी गाड़ी में बैठकर सकुशल लखनऊ पहुंच सकती है। जेवरात पहनकर बहन बेटी रात के 12 बजे भी सुरक्षित अपने घर पहुंच सकती है। उत्तर प्रदेश अब शांति और समद्धि के रास्ते पर है।

Tags:    

Similar News