Hathras News: रंजिशन दूधिया की गोली मारकर हत्या, दो गिरफ्तार

Hathras News: दूधिया को रंजिश के चलते आरोपियों ने गोलियों से भून दिया। आरोपियों ने नगला डांडा श्यामपुर शीतलवाडा मार्ग पर घटना को अंजाम दिया।;

Report :  G Singh
Update:2025-02-04 17:53 IST

hathras news

Hathras News: कोतवाली हसायन क्षेत्र शीतलवाड़ा निवासी दूधिया को रंजिश के चलते आरोपियों ने गोलियों से भून दिया। आरोपियों ने नगला डांडा श्यामपुर शीतलवाडा मार्ग पर घटना को अंजाम दिया। लोगो को आता देख आरोप घटना को अंजाम देने के बाद हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर मृतक के परिवार के लोग मौके पर आ गए। एसपी व एएसपी भी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव शीतलवाड़ा निवासी 65 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र लीलाधर व उनके बेटे दूध का व्यवसाय करते हैं। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे राजेंद्र सिंह अपने बेटे विपिन कुमार के साथ दूध लेने के लिए अपने गांव से नगला डांडा श्यामपुर राजवाहे के रास्ते होते हुए जा रहे थे। बेटा विपिन पीछे रह गया। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर पहले से बैठे राहुल, ओमवीर पुत्र कैलाशी, अशोक पुत्र भगवान सिंह, विशाल पुत्र सीटू व दो अज्ञात निवासी नगला डांडा थाना हसायन ने अवैध हथियारों से राजेंद्र सिंह के ऊपर फायरिंग कर दी।

राजेंद्र सिंह साईकिल छोड़कर भागे, लेकिन कई गोलियां लगने से वह वहीं पर गिर गए और उनकी मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर बेटा भागा तो उसे आते देख आरोपी हवाई फायर करते हुए भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। वृद्ध की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार व गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। यहां पर पहुंचे एसपी चिरंजीव नाथ सिंहा, एएसपी अशोक कुमार ने परिवार के लोगों को शांत कराकर पूरे मामले की जानकारी ली।

वहीं मृतक के बेटे विपिन कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों राहुल व अशोक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य अभियुक्तों की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंहा ने इस संबंध में कहा कि थाना हसायन क्षेत्र के गांव नगला डांडा के पास एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना हसायन पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों राहुल व अशोक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News