Prayagraj News: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले यूपी में नया गठबंधन बनाएगी कांग्रेस, शामिल होंगे सपा और बसपा, बोले - इमरान प्रतापगढ़ी

Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आए इमरान प्रतापगढ़ी ने यूपी के दो बड़े राजनीतिक दलों सपा और बसपा से लोकसभा चुनाव में गठबंधन की संभावना से भी इंकार नहीं किया है।

Report :  Syed Raza
Update: 2023-02-19 06:27 GMT

File Photo of Rajya Sabha MP Imran Pratapgarhi (Pic: Newstrack) 

Prayagraj News: यूपी में तीन दशक से सियासी वनवास झेल रही कांग्रेस 2024 में सपा या फिर बसपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ सकती है। इस बात के संकेत कांग्रेस अल्पसंख्यक इकाई के चेयरमैन व राज्य सभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने दिए हैं। संगम नगरी प्रयागराज में निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आए इमरान प्रतापगढ़ी ने यूपी के दो बड़े राजनीतिक दलों सपा और बसपा से लोकसभा चुनाव में गठबंधन की संभावना से भी इंकार नहीं किया है। हालांकि भारत जोड़ो यात्रा में सपा और बसपा के शामिल ना होने के सवाल पर इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा है कि दोनों ही दलों ने पत्र भेजकर भारत जोड़ो यात्रा को शुभकामनाएं दी थी।

इसका मतलब साफ था कि उनके नेता जरूर सीधे तौर पर कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं हुए थे। लेकिन इन पार्टियों ने अपने कार्यकर्ताओं को खुली छूट दे रखी थी कि भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन करें। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा है कि कांग्रेस जाति धर्म और मजहब की राजनीति नहीं करती है और ना आगे कभी करेगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी।

2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की रणनीति तैयार

इमरान प्रतापगढ़ी ने दावा किया है कि कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में कांग्रेस के 2009 के इतिहास को दोहराएगी। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से पार्टी को हौसला मिला है और लोगों का अपार जनसमर्थन भी मिला है। इससे कांग्रेस 2024 में यूपी में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस 2024 में यूपी में 21 से ज्यादा लोकसभा सीटों पर जीत भी दर्ज करेगी। इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा है कि राहुल गांधी अमेठी से ही चुनाव लड़ें। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता राहुल गांधी से लगातार अपील कर रहे हैं।

शोषित, दलित वंचित सभी वर्गों को जोड़ रहे हैं राहुल गांधी

वहीं रायबरेली लोकसभा सीट भी 2024 में कांग्रेस के हाथ से निकलने के बयान पर कहा कि अगर दम है तो बीजेपी अमेठी ही जीत कर दिखा दे। जबकि यूपी में राम चरित मानस को लेकर छिड़े विवाद पर राज्य सभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने बिल्कुल सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि यह एक महाकाव्य है, जिन्होंने रामचरितमानस को लेकर विवाद छेड़ रखा है यह सवाल उन्हीं से पूछना चाहिए।

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा है कि राहुल गांधी का एक ही उद्देश्य है । भारत जोड़ो। राहुल गांधी शोषित दलित वंचित सभी वर्गों को जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा है कि कांग्रेसी बिल्कुल अलग राजनीति करना चाहती है ना कांग्रेस किसी महाकाव्य पर सवाल खड़ा करना चाहती है और ना ही धर्म की राजनीति करना चाहती है।

विपक्ष को कुचल रहीं केंद्र सरकार - इमरान प्रतापगढ़ी

इमरान प्रतापगढ़ी ने इस मौके पर केंद्र की बीजेपी सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने बीजेपी सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग और विपक्ष को कुचलने का आरोप लगाया। कांग्रेस के राज्य सभा सांसद ने कहा है कि इसके बावजूद अगर कोई राजनीतिक दल मजबूती से खड़ा रहा तो वह कांग्रेस ही है। कांग्रेस ने सड़क से लेकर संसद तक केंद्र व प्रदेश सरकार की गलत नीतियों का विरोध किया। इसलिए जनता भी यह समझ चुकी है कि अगर कोई दल बीजेपी को हरा सकता है। तो वह कांग्रेस ही उसे हरा सकती है।

उन्होंने कहा कि गाजीपुर से गाजियाबाद तक जल्द एक यात्रा नजर आएगी। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से लोगों को जोड़ती नजर आएगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से हमारा हौसला बढ़ा है।यूपी की जनता भी कांग्रेस को अब एक विकल्प के तौर पर देख रही है।

Tags:    

Similar News