Lucknow Weather Today: लखनऊ में कड़ाके की सर्दी का कहर, छाएगा घना कोहरा, 5 डिग्री तक जाएगा पारा!

Lucknow Ka Mausam 15 January 2023: मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मकर संक्रांति के बाद लखनऊ में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

Written By :  aman
Update: 2023-01-15 05:30 GMT

Weather Update(Social Media)

Lucknow Ka Mausam 15 January 2023: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने मकर संक्रांति (Makar Sankranti 2023) के बाद शीतलहर का अलर्ट (Cold Wave Alert in UP) जारी किया है। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि कड़ाके की सर्दी अगले एक हफ्ते तक जारी रह सकती है। हफ्ते भर बाद ठंड में कमी आएगी। राजधानी लखनऊ में बीते दो दिनों से तापमान ऊपर चढ़ा है। जिससे राजधानीवासियों को थोड़ी राहत मिली है।  

लखनऊ में आज का मौसम की ताजा जानकारी

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विभाग के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि, ठंड का आलम यह रहेगा कि वेस्ट यूपी में पहले की तरह ही 'रेड अलर्ट' (Red Alert in West UP) जारी होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर भी पड़ने लगेगी। पहाड़ों की तरफ से चलने वाली हवा की रफ्तार करीब 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। मौसम के इस बदले रूप का प्रभाव राजधानी लखनऊ पर भी दिखेगा। लखनऊ में एक बार फिर लोगों को गलन वाली सर्दी का सामना करना पड़ेगा। रात में ठंडी हवा चलने की वजह से वातावरण सर्द रहेगा। अनुमान है कि इस दौरान झीसी भी पड़ सकती है। 


लखनऊ में 5 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है तापमान 

हल्की बारिश के बाद लखनऊ वासियों को ठंड से मामूली राहत मिली है। बारिश होने से 'कोहरे का सितम' खत्म हुआ। दो दिनों से राजधानी में दोपहर के वक्त खिली धूप निकलने से तापमान में वृद्धि दर्ज की गयी है। लोगों को भीषण सर्दी से थोड़ी राहत मिली। लेकिन लखनऊ मौसम विभाग के मुताबिक यह राहत एक बार फिर आफत में बदलने जा रही है। क्योंकि, 15 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद फिर तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। दिन का तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

मकर संक्रांति पर खिली धूप, गलन बरकरार  

यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार की सुबह एक बार फिर कोहरा दिखा। हालांकि, दिन चढ़ते ही ये छंट गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि, मकर संक्रांति को भी हल्की धूप खिलने की उम्मीद है। मगर, गलन बनी रहेगी। कड़ाके की सर्दी करीब-करीब पूरी जनवरी रहने वाली है। इसके बाद ही मौसम साफ होने का अनुमान है। मकर संक्रांति के बाद लखनऊ वासियों को शीतलहर और ठिठुरन भरी सर्दी का सामना करना पड़ेगा।


इनके लिए अलाव ही सहारा 

जल्द ही कड़ाके की ठंड आम जनजीवन को प्रभावित करने वाली है। लखनऊ में अभी भी सड़क किनारे लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। जिनके घर कच्चे हैं उनके लिए अलाव ही जीवनरक्षक है। रेहड़ी-पटरी वालों का लंबा समय खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे ही बीतता है। ऐसे में आसपास से कचरा इकठ्ठा कर, उसे जलाकर ठंड से निजात पाने की कोशिशें करते देखा जा सकता है। कामकाजी लोगों को भी दफ्तर जाने के लिए घरों से निकलना ही पड़ता है। ऐसे में उन्हें भी ठंड और सर्द हवाओं का सामना करना पड़ता है।

बुजुर्ग और बच्चों को घर में रहने की ही सलाह  

लखनऊ में ठंड से हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक से मरने वालों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। वहीं, डॉक्टरों की तरफ से बुजुर्ग और बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सावधानियां बरतने की हिदायत दी जा रही है। वृद्धावस्था वालों को घरों में ही ज्यादा समय बिताने की सलाह दी जा रही है। ठंड के कारण सुबह के समय पार्क में सैर-सपाटा और व्यायाम करने वालों की संख्या में भारी कमी आई है। 

Tags:    

Similar News