Lucknow Weather Today: लखनऊ के आसमान में आज बादलों की उमड़-घुमड़, कल बरसेंगे बदरा...मौसम रहेगा सुहाना

Lucknow Weather Today 29 April 2023: लखनऊ के आसमान में बादल उमड़-घुमड़ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (WD) का असर यूपी के अलग-अलग हिस्सों में नजर आ रहा है।

Update: 2023-04-29 05:33 GMT
बड़ा इमामबाड़ा, लखनऊ (Social Media)

Lucknow Weather Today 29 April 2023: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी लखनऊ के आसमान में बादल उमड़-घुमड़ रहे हैं। शनिवार (29 अप्रैल) को लखनऊ में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (WD) का असर यूपी के अलग-अलग हिस्सों में नजर आ रहा है। लखनऊ में जल्द चमक-गरज के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश से मई के पहले हफ्ते तक मौसम सुहावना रहेगा।

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को कई इलाकों में धूप के साथ बादलों की आवाजाही रही। हवाओं ने शहरवासियों को राहत दी। सोमवार को बूंदाबांदी के बाद लुढ़का तापमान एक बार फिर चढ़ने लगा था। गर्मी में भी इजाफा होने लगा। खिली धूप निकल रही थी। लेकिन, शुक्रवार से आसमान में बादल छाए होने के बाद पारा फिर लुढ़का है। शनिवार को तापमान और गिरने की उम्मीद है।

लखनऊ में आज आसमान में रहेंगे बादल

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि, ईरान और इराक के रास्ते आने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय एक्टिव हो चुका है। जिसके बाद एक बार फिर यूपी की आबोहवा में बदलाव दिखने लगे हैं। लखनऊ में इन दिनों मौसम खुशनुमा है। 29 अप्रैल को राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे। हवा की रफ़्तार लोगों को राहत देगी। मौसम विभाग का कहना है 10-15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से हवाएं चलती रहेंगी। राजधानी में आर्द्रता 53 प्रतिशत के करीब रहने की संभावना है।

राजधानी में कल होगी बारिश

मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि, 29 अप्रैल से 01 मई तक प्रदेश में बारिश की संभावना बनी हुई है। इन तीन दिनों में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। राजधानी लखनऊ में 30 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बरसात की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, इलाहाबाद यूनिवर्सिटी (Allahabad University) के भूगोल विभाग के प्रो. एआर सिद्दीकी (Pro. AR Siddiqui) ने बताया कि, 'फिलहाल तापमान में तेजी से बढ़ोतरी नहीं होगी। बीच-बीच में बूंदाबांदी तापमान को नियंत्रित करता रहेगा।

बूंदाबांदी-वर्षा से गिरेगा पारा

मौसमी बदलाव का दौर अभी जारी रहेगा। बादल और धूप की आंख मिचौली के बीच बढ़ते तापमान पर लगाम लग सकती है। मौसम विभाग की मानें तो अगले चार दिन उत्तर प्रदेश में बूंदाबांदी से लेकर वर्षा और तेज हवाएं चलने हैं। इससे तापमान में गिरावट होगी। मौसम में बार-बार परिवर्तन देखने को मिल रहा है। कानपुर, प्रयागराज, बाराबंकी, अयोध्या में भी कमोबेश यही हालात रहेंगे।

Tags:    

Similar News