Lucknow Weather Today: लखनऊ में बारिश का अनुमान, अगले हफ्ते पारा पहुंचेगा 35 डिग्री के पार...जानें आज का हाल

Lucknow Ka Mausam 19 February 2023: लखनऊ में बढ़ते तापमान के बीच बारिश का पूर्वानुमान है। फ़रवरी के आखिरी हफ्ते में राजधानी में गर्मी रिकॉर्ड ऊंचाई पर रहेगी।

Written By :  aman
Update:2023-02-19 18:14 IST

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 19 February 2023: यूपी के कई जिलों में शनिवार की सुबह कोहरा छाया रहा। लेकिन, राजधानी लखनऊ में मौसम साफ रहा। देश के मैदानी इलाकों में दिन में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। लखनऊ भी उससे अछूता नहीं है। यहां भी खिली धूप तपिश को बढ़ा रही है। हालांकि, हल्की हवाएं राहत भी दे रही। हालांकि, आंचलिक मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार, शहर का मौसम एक बार फिर बदलने वाला है।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है, कि रविवार और आने वाले कुछ दिनों में बारिश की संभावना है। तो लखनऊ वासी एक बार फिर रिमझिम फुहारों के लिए तैयार रहें। इस बीच तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज हवाओं के थमने के बाद पारा चढ़ने लगा है। दिन में उमस भी महसूस किया जा रहा।

फरवरी में मार्च जैसी गर्मी

आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, रविवार (19 फरवरी) को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहेगा। जबकि, अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस का इजाफा देखने को मिल सकता है। दिन में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। लखनऊ में अभी जिस तरह की गर्मी पड़ रही है अमूमन ऐसी उमस मार्च के महीने में देखी जाती रही थी। इस सीजन पहले ही गर्मी ने दस्तक दे दी। दरअसल, फ़रवरी के पहले हफ्ते से ही मौसमी उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। कभी तेज हवा, तो कभी बारिश। दिन में गर्मी तो रात में ठंड। तापमान का ऊपर जाना और नीचे लुढ़कना बना हुआ है। ऐसे मौसम शहरवासियों को बीमार कर रहे हैं।

पूरे हफ्ते तापमान में रहा उतार-चढ़ाव

जानकार बताते हैं कि, इस सीजन सर्दी भी देर से शुरू हुई थी, इसलिए देर तक रहने का अंदाजा लगाया जा रहा था। इस हफ्ते के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। लखनऊ सहित कई शहरों में रविवार को भी हवाओं का दौर जारी रहेगा। प्रदेश के अन्य जिलों में बादलों की आवाजाही भी देखी जा सकती है। लखनऊ में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। आर्द्रता का प्रतिशत भी 46 के आसपास है।

जल्द 35 डिग्री तक जाएगा पारा

आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो आने वाले एक-दो दिनों में तापमान धीरे-धीरे ऊपर जाएगा। अनुमान जताया जा रहा है 23-24 फ़रवरी तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब जा सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जाएगा। आने वाले दिनों में हवा का रुख भी बदलेगा। जिससे गर्मी के स्तर में गिरावट होगी। इन हवाओं से रात का तापमान गिरेगा। दिन में कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।

लखनऊ के आसपास के जिलों का हाल

लखनऊ के पड़ोसी जिलों का हाल भी कमोबेश एक जैसा ही है। कानपुर में रविवार को तापमान 14 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं। बाराबंकी का हाल राजधानी जैसा ही है। जबकि, प्रयागराज में भी दिन के समय हवाएं का अनुमान जताया गया है। काशी में रविवार को तापमान 14 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। यहां भी दिन के समय हवाएं चलेंगी, जिससे धूप की तपिश का ज्यादा एहसास नहीं होगा।

Tags:    

Similar News