UP Politics:अखिलेश का बड़ा दांव, सपा के लाल बिहारी यादव बने विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष
UP Politics: विधान परिषद में सपा के सदस्यों की कुल सदस्य संख्या 10 हो गई है, जो नेता प्रतिपक्ष बनने के लिए आवश्यक सदस्य संख्या के बराबर है।;
SP Leader Lal Bihari Yadav (Pic:Social Media)
UP Politics: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बढ़ा दावं चला है। उनकी पार्टी के लाल बिहारी यादव को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष का दायित्व सौंपा गया है। लाल बिहारी यादव को अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है।
विधान परिषद में समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव को नेता प्रतिपक्ष बनाया गया है। अभी तक सपा के पास नेता प्रतिपक्ष बनाने के लायक सदस्य संख्या नहीं थी। पांच मई को रिक्त हुए विधान परिषद 13 सीटों पर हुए चुनाव में सपा को तीन सीटें मिलीं थीं। इसके साथ ही विधान परिषद में सपा के सदस्यों की कुल सदस्य संख्या 10 हो गई है, जो नेता प्रतिपक्ष बनने के लिए आवश्यक सदस्य संख्या के बराबर है।
रामअचल राजभर और इंद्रजीत सरोज का नाम आगे
उधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव जीतने के बाद यहां से इस्तीफा दे दिया है। बताते हैं कि कुछ विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री व अखिलेश के चाचा शिवपाल यादव को नेता प्रतिपक्ष बनाने की पैरवी कर रहे हैं। जबकि सपा नेतृत्व का मानना है कि दो साल बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। इसमें जीत सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है कि गैर यादव ओबीसी या एससी जाति के सदस्य को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए। जिससे विधानसभा चुनाव में वोट प्लस हो सके। इन समीकरणों के आधार पर विधायक रामअचल राजभर और इंद्रजीत सरोज का नाम आगे चल रहा है। हालांकि इस दौड़ में कमाल अख्तर का नाम भी शामिल बताया जा रहा है।