Lucknow Bulldozer Action: बुलडोजर एक्शन पर अखिलेश ने उठाए सवाल, बोले- 'उन्होंने ही कराया, वही रंग मिटा रहे'

Lucknow Bulldozer Action: बुधवार को राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कुकरैल बुलडोजर एक्शन के खिलाफ योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

Written By :  Santosh Tiwari
Update: 2024-07-17 12:13 GMT

न्यूज़ट्रैक के सवाल पर अखिलेश यादव ने दिया जवाब। Newstrack

Lucknow Bulldozer Action: बुधवार को राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कुकरैल बुलडोजर एक्शन के खिलाफ योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। वह यहाँ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय बहादुर यादव की सपा में पुनः वापसी के दौरान पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान अखिलेश ने बुलडोजर एक्शन और फिर उसका निर्णय रद्द किए जाने पर सरकार से सवाल करते हुए कहा कि सबसे पहले यह बताया जाए कि घरों को उजाड़ने का फैसला किसने लिया। क्या ये फैसला लेने वाले स्वयं मुख्यमंत्री थे या फिर उनके अधिकारियों ने ये फैसला लिया। 

न्यूज़ट्रैक के सवाल पर बोले- सरकार का ही था फैसला

मंगलवार को मुख्यमंत्री ने कुकरैल के किनारे बसे पंत नगर, अबरार नगर, रहीम नगर, इंद्र प्रस्थ नगर में होने वाली बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। साथ ही जिन अधिकारियों ने घरों में लाल निशान लगाए उनकी भी जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए थे। इसे लेकर न्यूज़ट्रैक ने अखिलेश से सवाल किया। सवाल का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने योगी सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया। अखिलेश ने कहा कि- 'उन्होंने ही कराया है और वही रंग मिटा रहे हैं। ये सरकार का ही फैसला था। अधिकारी इतना बड़ा फैसला नहीं ले सकते हैं। अखिलेश ने सरकार पर डरने और बैकफुट पर आ जाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव आ रहे हैं इसलिए सरकार डर गई है। चुनाव में हारने के डर से ही उन्होंने इस फैसले पर रोक लगाई है। सिर्फ हार से घबरा कर ये फैसला रोका गया है।

रद्द किया जाए डिजिटल अटेंडेंस का आदेश

वार्ता के दौरान अखिलेश यादव सरकारी शिक्षकों के समर्थन में भी नजर आए। डिजिटल अटेंडेंस के आदेश का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि इस फैसले को अभी सिर्फ स्थगित किया गया है। स्थगित करने का अर्थ यही है कि सरकार जब चाहेगी इसे फिर से लागू कर देगी। हमारी मांग है कि इस फैसले को रद्द किया जाए। इसके साथ ही अखिलेश ने कुकरैल के किनारे होने वाले ध्वस्तीकरण के फैसले को भी पूरी तरह से रद्द करने की मांग उठाई है।

गोमती रिवरफ्रंट ख़राब करने का भी आरोप

अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर गोमती रिवरफ्रंट खराब करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि गोमती रिवरफ्रंट देश का सबसे अच्छा रिवरफ्रंट होता। उस सरकार से क्या उम्मीद की जाए जिसने इसे खराब कर दिया। अब ये सरकार नाले पर रिवरफ्रंट बनाने जा रही है। रिवरफ्रंट रिवर पर बनाया जाता है लेकिन ये लोग नाले पर रिवरफ्रंट बनाने जा रहे हैं। साथ ही उन्होने यह भी कहा कि सरकार के पास कुकरैल नाले का गंदा पानी साफ करने के लिए भी कोई योजना नहीं है। 

Tags:    

Similar News