UP News: यूपी विधानसभा में माननीय ने प्रवेश द्वार पर थूका, अध्यक्ष बोले- गलती स्वीकार करें वरना..

UP News: कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीष महाना को मंडप के प्रवेश द्वार पर पान मसाला थूके जाने की जानकारी मिली।;

Update:2025-03-04 14:00 IST

up vidhansabha

UP News: उत्तर प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही मंगलवार सुबह जैसे ही शुरू हुई। तभी एक ऐसी घटना घटी। जिसने सदन की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये। दरअसल कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को मंडप के प्रवेश द्वार पर पान मसाला थूके जाने की जानकारी मिली। इस पर विधानसभा अध्यक्ष भड़क गये और उन्होंने इस व्यवहार की भर्त्सना की। उन्होंने तुरंत वहां पहुंचकर सफाई भी करायी। साथ ही इस कृत्य को घोर अनुशासनहीनता बताते हुए उन्होंने चेतावनी भी दी।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि यह कृत्य किसने किया है। यह मैंने वीडियो में देख लिया है। हालांकि किसी भी सदस्य का मैं नाम नहीं लूंगा। विधानसभा अध्यक्ष ने सख्त लहजे में कहा कि सदन में इस तरह के कृत्य कतई क्षम्य नहीं होंगे।

उन्होंने कहा कि जानकारी होते ही मैं तुरंत विधानसभा हॉल में पहुंचा और सफाई भी करायी। मैंने तुरंत वीडियो भी देखा कि हरकत किसने की है। लेकिन मैं किसी का भी नाम लेकर उसे अपमानित नहीं करना चाहता हूं। सतीश महाना ने आगे कहा कि विधानसभा किसी एक नहीं बल्कि 403 विधायकों और यूपी की 25 करोड़ जनता का भी है। विधानसभा की गरिमा बनाये रखना और स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

स्वयं आकर गलती स्वीकार करेंः सतीश महाना

साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने इस हरकत पर सख्त लहजे में कहा कि जिसने भी यह कृत्य किया है। उसकी पहचान तो हो चुकी है। अब वह स्वयं ही आगे आकर इस गलती को स्वीकार करेगा तो ठीक है। वरना मुझे उसे बुलवाना ही पड़ेगा। यहीं नहीं अध्यक्ष ने सदस्यों से अपील भी की और कहा कि अगर कोई विधायक इस तरह की हरकत करते दिखे तो उसे इस तरह का कृत्य करने से रोके। सदन हम सभी की मर्यादा और उत्तर प्रदेश की जनता की आस्था का केंद्र है। इसे साफ-सुथरा रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Tags:    

Similar News