Lucknow News: भूतनाथ मार्केट में जलभराव से मिलेगी निजात: महापौर ने किया 638 मीटर लंबे नाले के निर्माण का शिलान्यास

Lucknow News: निर्माण कार्य जून के अंत तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे इस मानसून में लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।;

Update:2025-03-31 17:17 IST

Lucknow News (Image From Social Media)

Lucknow News: लखनऊ के भूतनाथ मार्केट क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए 638 मीटर लंबे नाले के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। सोमवार को लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने नाले के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत नाले का निर्माण भूतनाथ अंडरग्राउंड पार्किंग के सामने से शुरू होकर मेट्रो स्टेशन भूतनाथ होते हुए बेबीयन रेस्टोरेंट से लेखराज डॉलर के पास चौड़े नाले में जोड़ने तक किया जाएगा। यह कार्य जून के अंत तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे इस मानसून में लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सके।

वहीं शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद अशोक उपाध्याय, चीफ इंजीनियर महेश वर्मा, जोनल अधिकारी आकाश कुमार, अशोक यादव सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। इसके अलावा, लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कपूर, भूतनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता, कार्यवाहक अध्यक्ष अरविंद पाठक, उपाध्यक्ष नदीम खान समेत अन्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

महापौर ने जलभराव से स्थायी समाधान का दिया आश्वासन

महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि भूतनाथ मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या वर्षों से बनी हुई थी, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नाले के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा और आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में जलभराव की परेशानी नहीं होगी।

स्थानीय पार्षद और व्यापार मंडल ने किया स्वागत

इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद अशोक उपाध्याय ने कहा कि यह नाला बनने के बाद स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।

लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कपूर और भूतनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता ने इस कार्य के लिए नगर निगम और प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे मार्केट में व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से चल सकेंगी।

नाला निर्माण से आमजन को राहत की उम्मीद

इस महत्वपूर्ण परियोजना से उम्मीद की जा रही है कि भूतनाथ मार्केट क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा और मानसून के दौरान आमजन को राहत मिलेगी।

Tags:    

Similar News