Lucknow Crime: वृद्धा का ब्लाइंड मर्डर पुलिस के लिए चुनौती, गले में लिपटे गमछे से हो रही आरोपी की तलाश

Lucknow Crime: स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्या से पहले महिला के गले में सोने की चेन, हाथ में कंगन व कुछ अन्य गहने थे लेकिन हत्या के बाद शव से यह सब गायब थे।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-06 14:33 GMT

इसी घर में हुई थी महिला की हत्या। Photo- Newstrack

Lucknow Crime: राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर थानाक्षेत्र में बुजुर्ग महिला सरला काका (70) का ब्लाइंड मर्डर पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। पुलिस को घटनास्थल से न तो कोई मज़बूत सुबूत मिला है और न ही परिजनों ने किसी पर शक जताया है। ऐसे में महिला की हत्या का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। सुबूत के नाम पर महिला के गले में लिपटा सिर्फ एक गमछा मिला है। अब पुलिस उसी के आधार पर वृद्धा के हत्यारों तक पहुंचने के प्रयास में है। फ़िलहाल, पुलिस ने मृतका के बेटे अमित काका की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अब विभिन्न पहलुओं के आधार पर पुलिस मामले की तह तक जाने के प्रयासों में जुटी है। 

लूट, रंजिश और आपसी कहासुनी के एंगल से तफ्तीश

स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्या से पहले महिला के गले में सोने की चेन, हाथ में कंगन व कुछ अन्य गहने थे लेकिन हत्या के बाद शव से यह सब गायब थे। अंदेशा लगाया जा रहा है कि लूट के इरादे से हत्या को अंजाम दिया गया है। हालाँकि मामले में अभी तक लूट की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस लूट के साथ ही किसी से पुरानी रंजिश या फिर आपसी कहासुनी के एंगल से भी तफ्तीश कर रही है। अभी तक पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाने वाली कोई मजबूत कड़ी नहीं मिली है। सरोजनी नगर पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए मशक्कत में जुटी है।

कुछ समय पहले हुआ था मृतका के घुटनों का प्रत्यारोपण

सूत्रों के अनुसार कुछ समय पहले ही महिला के घुटनों का प्रत्यारोपण हुआ था। इस वजह से वह ज्यादा चल नहीं पाती थी। सीढ़ियां भी काफी कम ही उतरती थी। ऐसे में घर की जरूरत आदि का जो भी सामान होता था वह मृतका के घर पर ही जाता था। कई बार सब्जी, दूध आदि अन्य सामान भी मृतका के घर के अंदर देने के लिए विक्रेता चले जाते थे। अब पुलिस इससे जुड़े कई लोगों से लगातार पूछताछ में जुटी है। सूत्र बताते हैं कि सब्जी वाले समेत कई अन्य संदिग्धों को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया है।

मेड से भी पूछताछ

जानकारी के अनुसार, मृतका के घर में पहले मेड आई थी जो सिर्फ दो दिन काम करने के बाद वहाँ से लौट गई। सूत्रों के मुताबिक अब पुलिस उस मेड से भी पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने लगभग 12 लोगों से पूछताछ की है। इसमें कई पुरुष और महिलाएं शामिल हैं। इंस्पेक्टर सरोजनी नगर शैलेन्द्र गिरी ने कहा कि लगातार संदिग्धों से पूछताछ जारी है। मामला ब्लाइंड मर्डर केस का है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर जो भी दोषी होगा उसे जेल भेजा जाएगा।

Tags:    

Similar News