Lucknow Crime News: ऋतिक हत्याकांड से आक्रोशित ब्राह्मण समाज के लोगों ने घेरा बंथरा थाना, 5 घंटे चला प्रदर्शन, एक दरोगा हटा

Lucknow Crime News: एडीसीपी साउथ शशांक सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही उनकी मांगों का ज्ञापन लिया।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-07-28 13:31 GMT

लोगों ने थाने में किया प्रदर्शन। Newstrack

Lucknow Crime News: राजधानी लखनऊ के बंथरा में हुए ऋतिक हत्याकांड से आक्रोशित ब्राह्मण समाज के लोगों ने रविवार को बंथरा थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। करीब 5 घंटे चले प्रदर्शन में प्रदेश के कई जिलों से आए ब्राह्मण समाज के लोगों ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मोबाइल पर रील देखने वाले दरोगा इब्ने हसन पर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा परिवार को सुरक्षा, शस्त्र लाइसेंस, छोटे बेटे को सरकारी नौकरी व मुआवजा देने की मांग भी उठाई। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए बंथरा थाने में साउथ जोन के विभिन्न थानों की पुलिस फ़ोर्स भी पहुँच गई। मौके पर एसीपी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग नहीं माने और उच्चाधिकारियों को ज्ञापन देने की बात कही। इसके बाद एडीसीपी साउथ शशांक सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही उनकी मांगों का ज्ञापन लिया। उन्होंने दो घंटे के भीतर दरोगा पर कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया। तब जाकर आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन खत्म किया। प्रदर्शन करने वालों में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेन्द्र नाथ त्रिपाठी व प्रदेश अध्यक्ष दीपक पांडे, ब्राह्मण नेता नागेश्वर द्विवेदी, प्रवीण अवस्थी, गोविंद तिवारी, अमित तिवारी, आशीष द्विवेदी, अविचल शुक्ला, नवीन मिश्रा, डीडीसी अमरेन्द्र भारद्वाज, अंजनी मिश्रा, आलोक द्विवेदी, डीडी त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। 

एडीसीपी को ज्ञापन सौंपते ब्राह्मण समाज के लोग। Photo- Newstrack 

ब्राह्मण समाज ने परिवार के लिए की ये मांगें

1- पीड़ित परिवार को पूर्णकालिक पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए।

2- मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा व परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए।

3- आरोपियों के सभी शस्त्र लाइसेंस तत्काल निरस्त किए जाएं।

4- घटना वाली रात पुलिस से शिकायत करने के दौरान मृतक के परिजनों से अभद्रतापूर्ण व्यवाहर कर थाने से भगाने वाले उपनिरीक्षक इब्ने हसन को नौकरी से तत्काल निलंबित/बर्खास्त किया जाए।

5- निलंबित इंस्पेक्टर सहित सभी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर मुकदमा दर्ज किया जाए।

6- आरोपियों द्वारा अर्जित अवैध सम्पत्तियों की जांच कराकर सील किया जाए।

7- मृतक के परिजनों को तत्काल शस्त्र लाइसेंस प्रदान किया जाए।

8- घटना में शामिल सभी अज्ञात आरोपियों की एक सप्ताह के अंदर पहचान कर गिरफ्तारी की जाए।

आरोपी दरोगा का हुआ ट्रांसफर

रविवार शाम डीसीपी साउथ तेज स्वरूप सिंह ने साउथ जोन के कई दरोगा व सिपाहियों का ट्रांसफर कर दिया। इसमें बंथरा में तैनात रहे दरोगा इब्ने हसन का नामा भी शामिल है। आरोपी दरोगा को बंथरा से हटाकर गोसाईगंज भेज दिया गया है। साथ ही जाँच के बाद दोषी पाए जाने पर दरोगा इब्ने हसन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके पहले मामले में लापरवाही बरतने पर बंथरा के तत्कालीन थानाध्यक्ष हमें कुमार राघव, दरोगा सुशील व सुभाष एवं सिपाही यतीन्द्र को भी सस्पेंड किया जा चुका है।

सपा के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया। प्रतिनिधमंडल में सांसद आरके चौधरी, सांसद सनातन पांडेय, सपा जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत, विधायक रविदास मेहरोत्रा, सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सीएल वर्मा सहित बढ़ी संख्य्या में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

5 नामजद व एक अज्ञात गिरफ्तार

इस घटना में अभी तक नामजद आरोपी अवनीश सिंह उर्फ़ लवी, हिमांशु सिंह उर्फ़ रिशु, प्रत्यूष सिंह उर्फ़ भोली, प्रियांशू, अमन उर्फ़ सनी को गिरफ्तार किया चुका है। इसके अलावा अज्ञात आरोपियों में शामिल प्रदीप सिंह को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। मामले के 9 अज्ञात आरोपी अब भी पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। उन्हें भी जल्द पकड़ने की मांग की गई है। 

Tags:    

Similar News