Lucknow News: ट्रांसपोर्ट नगर में भरभराकर गिरी बिल्डिंग, दो लोगों की मौत, राहत-बचाव कार्य जारी

Lucknow News: सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार शाम एक बिल्डिंग अचानक भरभराकर ढह गयी। बिल्डिंग के गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया।

Update: 2024-09-07 12:08 GMT

ट्रांसपोर्ट नगर में भरभराकर गिरी बिल्डिंग (सोशल मीडिया)

Lucknow Building Collapse: राजधानी लखनऊ के सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार शाम एक बिल्डिंग अचानक भरभराकर ढह गयी। बिल्डिंग के गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। मलबे में एक ट्रक भी दब गया है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को बारिश के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर में एक तीन मंजिला इमारत ढह गई। इमारत के बेसमेंट में कुछ काम चल रहा था। इसी दौरान हादसा होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि इमारत ढहने से अंदर करीब 10 लोग फंसे हुए हैं। फिलहाल उनके रेस्क्यू के प्रयास जारी हैं।  हादसे के बाद NDRF- SDRF, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची हैं। संयुक्त टीम की ओर से लगातार रेस्क्यू का प्रयास जारी है। वहीं, इस हादसे के बाद से आसपास के इलाकों में भी अफरा तफरी मची हुई है।

बताया जा रहा कि बिल्डिंग में मोटा नमक, तेल और पाइप बनाने वाली कंपनी और दवाई कंपनी का गोदाम था। अचानक बिल्डिंग के गिरने से उसके अंदर काम कर लोग फंस गये हैं। पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने मलबे में फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी है। मरने वाले एक व्यक्ति का नाम जसमीत साहनी है। दवा गोदाम इसी व्यक्ति का बताया जा रहा है।

वहीं इस संबंध में सरोजनीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रांसपोर्टनगर में एक बिल्डिंग गिर गई है। बिल्डिंग के मलबे में कुछ लोग फंसे थे। जिनको सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। कई लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है।  



सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान

ट्रांसपोर्ट नगर में बिल्डिंग के गिरने का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Tags:    

Similar News