Ganesh Chaturthi 2024: कल से शुरु होगी गणेश चतुर्थी की धूम, थीम पर आधारित ये पंडाल मोह लेंगे आपका मन

Lucknow News: अलीगंज स्थित गुलाब वाटिका अपार्टमेंट में अलीगंज के राजा का पंडाल सजाया गया है। यहां सुबह दस बजे से रात साढ़े दस तक गणपति के दर्शन किए जा सकेंगे। महिला सशक्तिकरण थीम पर सजे पंडाल में 3 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को फूलों और रोशनी से सजाया गया है।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-09-06 14:15 GMT

कल से शुरु होगी गणेश चतुर्थी की धूम, थीम पर आधारित ये पंडाल मोह लेंगे आपका मन (Photo Source: Ashutosh Tripathi)

Ganesh Chaturthi Celebrations in Lucknow: मनौतियों के देवता गजानन शनिवार को शहर के पंडालों में विराजेंगे। राजधानी में इस साल विभिन्न थीमों पर आधारित गणपति पंडाल सजाए गए हैं। कहीं महिला सशक्तिकरण, कहीं अयोध्या राम लला मंदिर तो कहीं विश्व शांति की थीम पर सजे पंडाल भक्तों के लिए तैयार कर दिए गए हैं। दस दिन चलने वाले इस गणपति उत्सव में डांडिया, लोक नृत्य व गायन जैसे कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।


महाराष्ट्र के बैंड की होगी प्रस्तुति

शहर में इस बार थीम पर आधारित गणपति पंडाल सजाए गए हैं। इसके मद्देनजर कल से शुरु हो रहे गणेश चतुर्थी के लिए चौक स्थित राम मनोहर लोहिया पार्क में उत्तर प्रदेश की संस्कृति की थीम पर पंडाल सजाया गया है। यहां सुबह नौ बजे से शाम 8.30 तक गजानन के दर्शन किए जा सकते हैं। प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। सात फीट ऊंचे आसन पर भगवान गणेश की सात फीट ऊंची मूर्ति स्थापित की गई है। भगवान गणेश, भगवान शिव, भगवान विट्ठल, देवी दुर्गा और संत ज्ञानेश्वर की आरती प्रतिदिन की जाएगी। प्रसाद में मोदक परोसे जायेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महाराष्ट्र के एक बैंड की प्रस्तुति शामिल होगी।

विश्व शांति की थीम पर सजा मनौतियों के राजा का पंडाल

झूलेलाल पार्क में मनौतियों के राजा का पंडाल विश्व शांति की थीम पर सजाया गया है। यहां आप कल सुबह दस बजे से लेकर रात 11 बजे तक दर्शन कर सकते हैं। इस साल मनौतियों के राजा को 14,000 वर्ग फुट क्षेत्र में बने राजस्थान के पद्मावत महल की प्रतिकृति वाले पंडाल में रखा गया है। भगवान गणेश की मूर्ति मुंबई के सिद्धि विनायक के समान 5.5 फीट ऊंची होगी। प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। दो सेल्फी प्वाइंट होंगे। सुबह 10 बजे और शाम 6 बजे आरती की जाएगी। प्रसाद के रूप में मोदक (लड्डू) का भोग लगाया जाएगा।


महिला सशक्तिकरण थीम पर बेस्ड पंडाल

अलीगंज स्थित गुलाब वाटिका अपार्टमेंट में अलीगंज के राजा का पंडाल सजाया गया है। यहां सुबह दस बजे से रात साढ़े दस तक गणपति के दर्शन किए जा सकेंगे। महिला सशक्तिकरण थीम पर सजे पंडाल में 3 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को फूलों और रोशनी से सजाया गया है। रोजाना रात 8 बजे सुंदर कांड का पाठ और शाम 6 बजे गणेश आरती होगी। प्रतिदिन रात्रि 8 बजे कानपुर के कलाकार कुमार मुकेश द्वारा भजन प्रस्तुत किये जायेंगे। प्रसाद के रूप में लड्डू और फल परोसे जायेंगे।

बच्चों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं

अमीनाबाद थाने के पास सजे अमीनाबाद के राजा का पंडाल बेहद आकर्शक ढ़ंग से सजाया गया है। सुबह 8.30 से रात 9 बजे तक पंडाल दर्शन के लिए खुला रहेगा। पंडाल में 4.5 फीट ऊंची मूर्ति होगी। सेल्फी प्वाइंट लगाए गए हैं। बच्चों के लिए पेंटिंग, नृत्य और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं, सुबह 8.30 बजे मंगला आरती और रात 8.30 बजे रात्रि आरती अन्य आकर्षण होंगे। 9 सितंबर को रुद्राभिषेक, 10 सितंबर को सुंदर कांड और 11 सितंबर को भंडारा होगा। भगवान को प्रतिदिन छप्पन भोग लगाया जाएगा।

संगीत संध्या का होगा आयोजन

लाटूश रोड़ स्थित कटरा मकबूलगंज में श्री गणेश उत्सव, महाराष्ट्र समाज का गणपति पंडाल सजाया गया है। यहां दर्शन का समय दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। शाम 7 बजे संगीत संध्या और आरती होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संगीत और नृत्य प्रदर्शन शामिल हैं। 15 सितंबर को दोपहर में महाप्रसाद परोसा जाएगा।


Tags:    

Similar News