UP: कांग्रेस के निशाने पर PM मोदी, न्याय यात्रा से पहले जन जागरण की तैयारी...प्रधानमंत्री से पूछे ये पांच सवाल

UP Congress: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 फरवरी से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने जा रही है। इसके लिए कांग्रेस प्रदेश के ब्लाकों में ध्वज वंदन कार्यक्रम करेगी।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-01-25 15:11 GMT

अजय राय (Social Media)

UP Congress: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मॉल एवेन्यू स्थित कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार (25 जनवरी) को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। यहां कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से पांच सवाल कर उसके जवाब मांगे।  

पांच न्याय से लोकतंत्र मजबूत करेंगे

कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी के पांच न्याय हासिल कर हम भारत को स्वस्थ और लोकतंत्र को मजबूत बना पाएंगे। इन पांच न्याय में युवा न्याय, भागीदारी न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, और श्रमिक न्याय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भारत जोड़ो न्याय यात्रा को मिल रहे अपार जनसमर्थन से बौखला गई है। सरकार यात्रा पर हमले कराना, बैनर, पोस्टर फड़वाना, राहुल जी के खिलाफ फर्जी एफआईआर कराने के स्तर पर उतर आई है।

यात्रा से पहले जन जागरण करेगी कांग्रेस

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 फरवरी से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने जा रही है। इसके लिए कांग्रेस प्रदेश के ब्लाकों में ध्वजवंदन कार्यक्रम करेगी। 26 जनवरी से 30 जनवरी तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा को प्रतिबिम्बित करती हुई एक झांकी भी निकाली जायेगी। कार्यक्रम के अंतर्गत हर ब्लाक मुख्यालय पर ध्वजवंदन होगा। जन जागरण के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता 26 जनवरी से निकलेंगे।

कांग्रेस के पीएम मोदी से पांच सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पांच सवालों के जवाब मांगे हैं। प्रेसवार्ता में कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज हम प्रधानमंत्री से किसानों से जुड़े पांच सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने पहला सवाल किया कि किसानों की आमदनी दोगुनी नहीं हुई तो दर्द सौ गुना क्यों दिया। दूसरा सवाल सरकार ने किसानों की खेती के बजट पर कैंची क्यों चलाई। तीसरा सवाल किया कि किसान सम्मान निधि से 2 करोड़ 29 लाख किसानों का नाम क्यों हटा दिया गया। चौथा सवाल कि इस सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को निजी कंपनी मुनाफा योजना क्यों बना दिया है। आखिर सवाल में उन्होंने पूछा कि सरकार उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के साथ कुठाराघात क्यों कर रही है।  

इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, सेवादल कांग्रेस के मुख्य संगठक डॉ. प्रमोद पांडेय, प्रदेश प्रवक्ता मनीष हिंदवी, प्रियंका गुप्ता, डॉ. अलीमुल्लाह खान, सचिन रावत, अशोक सिंह, राजेश सिंह काली, अमित त्यागी आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News