UP News: कांग्रेसियों का हल्ला बोल, UP की कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

UP News: नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। योगी जी के शासनकाल में प्रदेश अपराध के जंगल राज में तब्दील हो गया है, कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है।

Report :  Abhishek Mishra
Update:2024-09-18 15:00 IST

कांग्रेसियों का हल्ला बोल, UP की कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन (Photo Source: Ashutosh Tripathi)

Lucknow News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में बुधवार को कांग्रेसियों ने ध्वस्त कानून व्यवस्था एवं पुलिस उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप कि सरकार हमको डराने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब हो गई है। प्रदर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। 


कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन

राजधानी के शहीद स्मारक पर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। उन्होंने प्रदेश में ध्वस्त कानून व्यवस्था के विरोध में धरना दिया। यहां कांग्रेसियों ने योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए दिखे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन पुलिस के आला अधिकारियों को सौंपा। इस मौके पर यूपी प्रभारी अविनाश पांडे, अमेठी सांसद किशोरीलाल शर्मा, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया व कई जिलों के जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। 


प्रदेश अपराध के जंगल राज में तब्दील 

नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। योगी जी के शासनकाल में प्रदेश अपराध के जंगल राज में तब्दील हो गया है, कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है। योगी जी खुद को संत और सनातन का ध्वजवाहक बताते हैं, पर शायद वो भूल गए कि सनातन में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया गया है। दुर्भाग्य ये है कि उनके शासनकाल में सबसे ज्यादा असुरक्षित और पीड़ित महिलाएं ही हैं।  उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश अपनी सुरक्षा को लेकर सशंकित है। प्रदेश में भय का माहौल और अपराध का जंगलराज व्याप्त हो चुका है। प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी प्रदेशवासियों को सुरक्षा तथा भयमुक्त माहौल देने में पूरी तरह से विफल हो चुके हैं। कानून व्यवस्था का प्रदेश में बुरा हाल है। 

Ayodhya News: कानून व्यवस्था को लेकर सपा और कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

रिपोर्ट- नाथ बक्स सिंह

Ayodhya News: प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, दुराचार तथा अत्याचार के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने कचहरी गेट पर जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। प्रेस क्लब पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एकत्रित होकर जुलूस की शक्ल में नारे लगाते हुए कचहरी कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े पर कचहरी का गेट पुलिस द्वारा बंद करने के कारण, वही गेट पर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे।

इससे पूर्व प्रेस क्लब पर धरने में उपस्थित पार्टी के प्रदेश महासचिव मनोज कुमार गौतम ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था खस्ता हाल है और उत्तर प्रदेश के मुखिया जाति और धर्म देखकर अपराधियों और निर्दोषों पर कार्यवाही कर रहे हैं। प्रदेश मुखिया खुद ही न्यायाधीश की भूमिका निभा रहे हैं और मुख्यमंत्री कार्यालय से अपराधी चिन्हित किया जा रहे हैं तथा उन पर मुख्यमंत्री के इशारे पर गैर कानूनी तरीके से कार्यवाही की जा रही है।


जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा लोकसभा चुनाव में अपनी पराजय देखकर भाजपा बौखला गई है और हताशा भरी कार्यवाही पूरे प्रदेश में देखने को मिल रही है। इसका कांग्रेस पार्टी प्रबल विरोध करती है। भाजपा सरकार ने उप्र को ‘फ़र्ज़ी एनकाउंटर की राजधानी’ बना दिया है। महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल ने कहा उत्तर प्रदेश सरकार में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित नहीं रह गया है, लगातार कही न कहीं महिलाओं के साथ दुराचार की घटनाएं हो रही है।

पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा जिस तरह लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा साफ हो गई इसी तरह विधानसभा में भाजपा साफ हो जाएगी। जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने बुलडोजर को अपना ब्रांड एंबेसडर बना लिया था और बुलडोजर को ही न्याय का प्रतीक बना दिया गया था, पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से बुलडोजरी सोच का ध्वस्तीकरण हो गया।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, सुल्तानपुर के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा, अंबेडकर नगर से सुनील मिश्रा, महिला जिला अध्यक्ष रेनू राय, सविता यादव, दयावती, दिनेश शुक्ला, शैलेंद्र पांडे, पीसीसी सदस्य संजय तिवारी, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी, अमरीश पांडे, कविंद्र साहनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Moradabad News: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन

रिपोर्ट - सुधीर गोयल

Moradabad News: मुरादाबाद में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष असलम खुर्शीद के नेतृत्व में मंण्डला आयुक्त कार्यालय पर अपनी मांगी को लेकर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था व पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ बुधवार को कांग्रेसियो ने मंडलायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष असलम खुर्शीद ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के साथ अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। पुलिस धर्म और जाति देखकर कार्रवाई कर रही है। पुलिस का अत्याचार गरीब पर बढ़ रहा है। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश सचिव सचिन चौधरी, महानगर अध्यक्ष अनुभव मल्होत्रा, अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष अफजाल साबरी, रामपुर से पूर्व विधायक अफरोज अली खान, आनंद मोहन गुप्ता एडवोकेट, वरिष्ठ कांग्रेसी असद मलाई, संभल जिलाध्यक्ष विजय शर्मा और बिजनौर के जिलाध्यक्ष शेरवास पठान सहित अन्य कांग्रेसी शामिल रहे। 

Tags:    

Similar News