Lucknow News: अकबरनगर में मकानों का ध्वस्तीकरण आज भी जारी, अंदरूनी इलाके में पहुंचे बुलडोजर

Lucknow News: राजधानी के अकबरनगर इलाके में कुकरैल रिवरफ्रंट बनाने के लिए मकानों एवं कमर्शियल इमारतों को तोड़े जाने की कार्रवाई आज भी जारी है। कल करीब 100 निर्माण ध्वस्त करने के बाद आज एक बार फिर इलाके में बुलडोजर चल रहा है।

Written By :  Santosh Tiwari
Update: 2024-06-13 09:43 GMT

अकबरनगर में मकानों को तोड़ता बुलडोजर। Source- Ashutosh Tripathi

Lucknow News: राजधानी के अकबरनगर इलाके में कुकरैल रिवरफ्रंट बनाने के लिए मकानों एवं कमर्शियल इमारतों को तोड़े जाने की कार्रवाई आज भी जारी है। कल करीब 100 निर्माण ध्वस्त करने के बाद आज एक बार फिर इलाके में बुलडोजर चल रहा है। यहाँ कमर्शियल इमारतों को तोड़कर बुलडोजर अब अंदरूनी इलाकों में बने मकानों को तोड़ रहे हैं। हालाँकि, स्थानीय लोग लगातार इस कार्रवाई के विरोध में हैं। विरोध रोकने के लिए प्रशासन की तरफ से बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बलों को भी तैनात किया गया है।

सीसीटीवी की निगरानी में तोड़े जा रहे मकान

इलाके में बुलडोजर कार्रवाई पर पैनी नजर रखने के लिए गली और चौराहे पर लगभग तीन दर्जन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल के जवानों को भी सुरक्षा में लगाया गया है। दूसरी ओर अकबरनगर के निवासियों से लगातार इलाका खाली करने की अपील प्रशासन की ओर से की जा रही है। पूर्व से लेकर अब तक की कार्रवाई में मकानों के अलावा अभी तक फर्नीचर और अन्य सामानों से जुड़ी सैकड़ों कमर्शियल इमारतें ध्वस्त की जा चुकी हैं।

मंगलवार को पुलिस ने किया था लाठीचार्ज

घरेलू सामान लेकर अकबरनगर से जाते निवासी। Source- Ashutosh Tripathi 


अकबरनगर में निर्माणों के ध्वस्तीकरण के दौरान मंगलवार को एक धार्मिक स्थल का कुछ हिस्सा भी टूट गया था जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। जानकारी के अनुसार इलाके से अभी तक 300 से अधिक परिवार अन्य जगहों पर जा चुके हैं।

कई जगहों पर की गई है नाकेबंदी

इलाके में गश्त करती पुलिस-प्रशासन की टीम। Source- Ashutosh Tripathi 

लोगों के विरोध को रोकने के लिए अकबरनगर के कई गली व मोहल्लों पर नाकेबंदी की गई है। इस दौरान जगह-जगह बैरिकेड लगा के पुलिस की टीम तैनात की गई है। जिससे इलाके की शांति व्यवस्था न भंग हो। जानकारी के अनुसार इलाके में कुल 1200 से अधिक छोटे व बड़े निर्माण ध्वस्त किए जाने हैं। सरकार यहाँ से निकलने वाली कुकरैल नदी के आसपास रिवरफ्रंट बनाने की योजना पर काम कर रही है।  

Tags:    

Similar News