Lucknow Crime: सरोजनी नगर में गमछे से गला कसकर बुजुर्ग महिला की हत्या, अज्ञात आरोपियों ने की वारदात

Lucknow Crime: जानकारी के अनुसार, सरोजनी नगर थानाक्षेत्र के सेक्टर एफ़ में सरला काका (70) पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार काका अपने मकान में अकेले रहती थी।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-05 15:26 GMT

सरोजनी नगर के इसी घर में हुई महिला की हत्या (बाएं), फ़ाइल फोटो- मृतका सरला काका (दाएं): Photo- Newstrack 

Lucknow Crime: राजधानी में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को दिनदहाड़े सरोजनी नगर के सेक्टर एफ़ में अज्ञात आरोपियों ने अपने घर में रह रही बुजुर्ग महिला सरला काका (70) की गमछे से गला कसकर हत्या कर दी। वारदात से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की बहू की सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस मामले की जाँच पड़ताल में जुटी है। वहीं, घटना की सूचना पर डीसीपी साउथ तेज स्वरुप सिंह भी मौके पर पहुंचे और जाँच पड़ताल कर जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, सरोजनी नगर थानाक्षेत्र के सेक्टर एफ़ में सरला काका (70) पत्नी स्वर्गीय अशोक कुमार काका अपने मकान में अकेले रहती थी। उनका बेटा अमित काका अपने परिवार के साथ गोरखपुर में रहता है और वहीं एक निजी सीमेंट फैक्ट्री में नौकरी करता है। सोमवार को उनकी बहू साक्षी ने बताया कि वह बच्चों को लेने के लिए स्कूल गई थी जब वापस लौटी तो लगातार कई घंटे तक सास को फ़ोन लगाती रही। जब फोन नहीं उठा तो वह गोरखपुर से लखनऊ के लिए रवाना हो गई। जब वह सरोजनी नगर स्थित घर पहुँची तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कुछ सामान इधर उधर-बिखरा हुआ था और सरला का शव जमीन पर पड़ा था। जब उसने यह स्थिति देखी तो बहू के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने छानबीन कर महिला के शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही घटना की सूचना उसके बेटे को भी दी है। 

घर के सामने जुटी लोगों की भीड़। Photo- Newstrack 

 उच्चाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे

दिनदहाड़े हत्या की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर डीसीपी साउथ तेज स्वरुप सिंह भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालाँकि, पुलिस को मौके से आरोपियों से जुड़ा कोई साक्ष्य नहीं मिला है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास से सैम्पल कलेक्ट किए हैं। साथ ही मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है।

सीसीटीवी के आधार पर जाँच में जुटी पुलिस

इंस्पेक्टर सरोजनी नगर शैलेन्द्र गिरी ने बताया कि घटनास्थल से कुछ साक्ष्य जुटाए गए हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी कितने थे और हत्या किस वजह से हुई है। फ़िलहाल, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फ़िलहाल अभी तक मामले में तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। मृतका का बेटा अमित काका गोरखपुर से लखनऊ के लिए आ रहा है। उससे तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फ़िलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

लूट से पुलिस का इंकार, सूत्र बोले- सोने की चेन थी गायब

लूट के लिए हत्या किए जाने की बात से पुलिस ने इंकार किया है। हालाँकि, विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि महिला के गले में सोने की चेन थी वह गायब है। इसके अलावा घर में और क्या सामान था उसमें से क्या सामान मौजूद है अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मुकदमा दर्ज होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा की वारदात को लूट के इरादे से अंजाम दिया गया है या फिर इसकी कोई अन्य वजह थी। 

Tags:    

Similar News