Lucknow News: राजधानी के शुभांशु ने बढ़ाया शहर का मान, भरेंगे अंतरिक्ष की उड़ान

Lucknow News: ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के पिता शंभु दयाल शुक्ला की आंखों में भी अंतरिक्ष का रोमांच तैर रहा है। अब ये तय हो चुका है कि कुछ वक्त बाद उनका बेटा जमीन से अंतरिक्ष की दूरी तय करने में मुख्य भूमिका निभाएगा।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-08-03 11:15 GMT

Lucknow News: लखनऊ स्थित त्रिवेणीनगर निवासी शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष मिशन के लिए चुना गया है। शुभांशु एक अंतरिक्ष मिशन के मुख्य पायलट होंगे। कभी क्रिकेट में चौके-छक्के लगाने वाला लखनऊ का लाल अब अंतरिक्ष की उड़ान भरेगा। यह सूचना शुक्रवार शाम जब घर पहुंची तो माता- पिता और बहनों के बीच खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बेटे की इस उपलब्धि पर पिता शंभु दयाल शुक्ला ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है। बेटा आज बड़े मिशन के लिए चयनित हुआ है। इससे उन्होंने पूरे शहर का मान बढ़ाया है। 

अंतरिक्ष उड़ान में मुख्य भूमिका निभाएगा शुभांशू
 

ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के पिता शंभु दयाल शुक्ला की आंखों में भी अंतरिक्ष का रोमांच तैर रहा है। अब ये तय हो चुका है कि कुछ वक्त बाद उनका बेटा जमीन से अंतरिक्ष की दूरी तय करने में मुख्य भूमिका निभाएगा। शाम त्रिवेणी नगर स्थित घर पहुंची तो शंभु दयाल शुक्ला सोने की तैयारी कर रहे थे। बताया कि वह तड़के चार बजे उठ जाते हैं और रात 9 बजे तक सो जाते हैं। 


 खुद में खुश रहता है शुभांशु 

सचिवालय से ज्वाइंट सेक्रेटरी के पद से सेवानिवृत्त शंभु दयाल शुक्ला ने बताया कि पिछले साल दिसम्बर की ही बात है, जब पहली बार शुभांशु ने अंतरिक्ष यात्री बनने की बात कही थी। तब यह अंदाजा नहीं था कि यह पल इतनी जल्दी आंखों के सामने होगा। शुभांशु की मां आशा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतरिक्ष यात्री के रूप में बेटे के नाम की घोषणा की थी। शुभांशु बहुत शांत स्वभाव का है। अपने में खुश रहने वाला इंसान है। मां ने बताया कि शुभांशु को क्रिकेट और अच्छे खाने का बहुत शौक है। हालांकि डायट को लेकर जागरूक रहता है। अपनी सेहत का ध्यान भी रखता है।

Tags:    

Similar News