Lucknow News: जिनके घर शीशे के होते हैं.., विधायक राजेश्वर सिंह का अखिलेश के बयान पर पलटवार

Lucknow News: विधायक राजेश्वर सिंह ने एक्स पर लिखा कि याद कीजिए, सत्ता के रथ पर आरूढ़ होकर आप अपने परिवार को भी एक नहीं रख सके थे। आपको वह समय भी याद नहीं।

Update: 2024-07-17 10:44 GMT

विधायक राजेश्वर सिंह का अखिलेश के बयान पर पलटवार (न्यूजट्रैक)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजेश्वर सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिनके घर शीशे के होते हैं। वह दूसरों के घर पत्थर नहीं फेंकते। विधायक राजेश्वर सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें विधायक राजेश्वर सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।

विधायक राजेश्वर सिंह ने एक्स पर लिखा कि याद कीजिए, सत्ता के रथ पर आरूढ़ होकर आप अपने परिवार को भी एक नहीं रख सके थे। आपको वह समय भी याद नहीं। जब, मुजफ्फरनगर दंगे में 62 से ज्यादा लोग मारे गए। विस्थापितों को टेंट में ठिठुरता छोड़ आप सैफई महोत्सव में फिल्मी सितारों के साथ समय बिता रहे थे। उन्होंने लिखा कि भाजपा 19 करोड़ कार्यकर्ताओं का विशाल परिवार है। जिनके लिए देश प्रथम है, अपना हित नहीं। भाजपा की नीतियां स्पष्ट हैं, नीयत स्पष्ट है, नेतृत्व सशक्त है। प्रदेश की 25 करोड़ जनता भाजपा राज में सुख, शांति से रहते हुए आज भी सपा शासनकाल के दंगों, गुंडाराज, माफियाराज को याद करके सिहर जाती है।

विधायक राजेश्वर सिंह ने लिखा कि याद रखिएगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा 2027 का चुनाव लड़ेगी और फिर से प्रचंड बहुमत से जीत कर आएगी। मेरी ये बात, ये दिन और ये तारीख़ याद रखें। तारीख़ का इंसाफ़ हमेशा आम जनता की आवाज़ होता है। इसमें न मुझे और न ही भाजपा के किसी भी कार्यकर्ता को संशय है। हर एक कार्यकर्ता मोदी-योगी के साथ है और दृढ़ता के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने लिखा कि प्रदेश के नेता विपक्ष का महत्त्वपूर्ण पद छोड़ना। प्रदेश की जनता की आकांक्षा से खेल है। उस पर फ़िल्मी लाइन जैसी टिप्पणी आपके क़द के अनुकूल नहीं। कुछ गंभीर राजनीति की आपसे हमे अपेक्षा है। एक सकारात्मक, ज़िम्मेदार, जनोन्मुख विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करें और राष्ट्र निर्माण में सहयोग दें। यूपी की जनता दंगे और माफियाराज को दोबारा नहीं दोहरायेगी।

भाजपा में कुर्सी की लड़ाई में ठंडे बस्ते में चला गया शासन-प्रशासनः अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। जिसमें उन्होंने लिखा कि भाजपा में कुर्सी की लड़ाई चल रही है जिससे कि शासन-प्रशासन ठंडे बस्ते में चला गया है। जनता के लिए सोचने वाला भाजपा में कोई नहीं है। अखिलेश यादव ने लिखा कि भाजपा की कुर्सी की लड़ाई की गर्मी में, उत्तर प्रदेश में शासन-प्रशासन ठंडे बस्ते में चला गया है। उन्होंने आगे लिखा कि तोड़फोड़ की राजनीति का जो काम भाजपा दूसरे दलों में करती थी, अब वही काम वो अपने दल के अंदर कर रही है, इसीलिए भाजपा अंदरूनी झगड़ों के दलदल में धंसती जा रही है। भाजपा में जनता के बारे में सोचने वाला कोई नहीं है।

Tags:    

Similar News