Lucknow University: विद्यार्थियों के लिए बनेगा संगीत पुस्तकालय, ऑडियो लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी

Lucknow University: एलयू के टैगोर लाइब्रेरी की मानद पुस्तकालय अध्यक्ष प्रो. केया पांडेय के मुताबिक टैगोर लाइब्रेरी में ही संगीत पुस्तकालय बनेगा। यहां भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के गीतों, फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री सहित कई चीजों को संरक्षित किया जाएगा।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-05-17 06:13 GMT

Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय में स्थित साइबर लाइब्रेरी के पास ऑडियो लाइब्रेरी बनाई जाएगी। इसके साथ ही विश्व भर के गीतों, लोक गीतों और फिल्मों को संरक्षित करने के लिए संगीत पुस्तकालय बनाया जाएगा। जिसके माध्यम से किसी को फिल्मकारों, कलाकारों या नाट्यशास्त्र पर रिसर्च या जानकारी प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। पुस्तकालय बनाने की योजना तैयार है। जल्द ही इसकी घोषणा होगी। 

एलयू में बनेगी ऑडियो लाइब्रेरी

विश्वविद्यालय में स्थित साइबर लाइब्रेरी के बगल एक कमरे में ऑडियो लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी। लाइब्रेरी में स्क्रीन लगाई जाएंगी। जिस पर किताबों की सूची होगी। विद्यार्थी सूची पर क्लिक कर अपने मन मुताबिक किताबे हेडफोन के जरिए सुन सकेंगे। जहां फिजिकल तौर पर छात्रों को किताबें ढूंढनी होती थी। अब उन्हें इसमें अधिक समस्या नहीं होगी। 

संगीत पुस्तकालय से शोध में मिलेगी सहायता

एलयू के टैगोर लाइब्रेरी की मानद पुस्तकालय अध्यक्ष प्रो. केया पांडेय के मुताबिक टैगोर लाइब्रेरी में ही संगीत पुस्तकालय बनेगा। यहां भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के गीतों, फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री सहित कई चीजों को संरक्षित किया जाएगा। इसके जरिए फिल्मी दुनिया में करियर बनाने वाले छात्रों को सहायता मिलेगी। इसके अलावा यदि कोई फिल्मकार शोध करना चाहेगा तो उसे भी मदद होगी। उन्होंने बताया कि विवि पुस्तकालय के भीतर एक संगीत पुस्तकालय होने से कई फायदे होंगे। छात्रों को संगीत शैलियों के बारे में जानने का मौका मिलेगा। संगीतशास्त्र, नृवंशविज्ञान, इतिहास और सांस्कृतिक अध्ययन जैसे कई विषयों पर शोध करने के लिए भी डाटा मिल सकेगा। 

अन्य देशों के संगीत को जानने का मौका मिलेगा

मानद पुस्तकालयाध्यक्ष के अनुसार पुस्तकालय बनने से विश्व के दूसरे देशों के संगीत के बारे में जानने का मौका मिलेगा। अलग-अलग परंपराओं के संगीत से परिचित हो सकेंगे। गायन, कार्यशाला और व्याख्यान जैसे कार्यक्रमों के आयोजन होंगे। संगीत की पढ़ाई या संगीत से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने वाले छात्रों के लिए संगीत पुस्तकालय में शीट संगीत, स्कोर, रिकॉर्डिंग और अन्य सामग्रियां उपलब्ध रहेंगी। इससे उन्हें सीखने और अभ्यास करने में आसानी होगी। 

बजट आते ही काम तेज होगा

लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने कहा कि साइबर लाइब्रेरी के बगल एक कमरे में म्यूजिक और ऑडियो लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। जैसे ही बजट आएगा इस काम को तेजी से पूरा किया जाएगा। दुष्यंत कुमार की गजलों का आइडेंटीफिकेशन और रिकार्डिंग कर भातखंडे विश्वविद्यालय को सौंपना है। 


Tags:    

Similar News