Lucknow Accident: मोहनलालगंज में दो सड़क दुर्घटनाओं में डेढ़ दर्जन से अधिक घायल, 7 लोग ट्रॉमा रेफर

Lucknow Accident: हादसे में करीब 20 लोग घायल हो गए हैं। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सात लोगों को ट्रामा सेंटर भी भेज दिया गया है। घायलों का इलाज जारी है।

Report :  Santosh Tiwari
Update:2024-10-12 10:16 IST

Lucknow News (Pic: Newstrack)

Lucknow Accident: मोहनलालगंज थानाक्षेत्र में शुक्रवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मोहनलालगंज CHC में भर्ती कराया है। यहां से दोनों घटनाओं में गंभीर रूप से घायल हुए कुल 7 लोगों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। SHO मोहनलालगंज आलोक राव ने बातचीत में कहा कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। सिर्फ एक बच्ची घायल है। उसको ट्रॉमा में भेजा गया है। उसकी हालत स्थिर है। इलाज से वह भी ठीक हो जाएगी। 

मुंडन कराने जा रहे लोगों का डाला पलटा

ACP मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मोती पुरवा कनेरी गांव निवासी राम प्रकाश हाफ डाला से करीब 30 लोगों के साथ बेटी का मुंडन कराने के लिए सैलानी माता मंदिर जा रहे थे। तभी गौरा स्थित प्रधान पेट्रोल पम्प के पास डाला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कुछ लोग घायल हो गए हैं। जबकि वाहन चालक को अधिक चोटें आई थी। उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। साथ ही डाले में सवार एक अन्य बच्ची भी घायल है। उसे भी ट्रॉमा रेफर कर दिया गया है। बाकी लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी की तरफ से तहरीर नहीं दी गई थी।

दो बाइकों की टक्कर में 6 घायल

दूसरी घटना देर रात मोहनलालगंज थानाक्षेत्र के फुलवरिया मोड़ के पास हुई। यहां तेज रफ्तार दो बाइक आमने सामने से एक दूसरे में टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार कुल 6 लोग घायल हो गए हैं। इनमें पांच की हालत गंभीर है। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मोहनलालगंज CHC भेजा। यहां 5 लोगों की हालत बिगड़ती देख चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। दोनों मामलों में पुलिस घायलों के नाम और अन्य जानकारी नहीं दे सकी है।

Tags:    

Similar News