Lucknow News: हीटवेव और लू का कहर जारी, लखनऊ में सिपाही की मौत

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पीएसी के सिपाही की हीट वेव और लू के चलते तबियत बिगड़ गई। इसके बाद सिपाही की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

Report :  Jugul Kishor
Update: 2024-06-01 09:49 GMT

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम की मार शनिवार को भारी पड़ती दिखायी दे रही है। भीषण गर्मी ने सभी का हाल बेहाल कर दिया है। सूरज निकलने के बाद से तपिश पढ़नी शुरू हुई। दोपहर बाद पर 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आलम यह रहा कि सड़क, बाजार, चौक और चौराहों पर सन्नाटा पसर गया। इस बीच रमाबाई आंबेडकर मैदान में तैनात एक पीएसी के सिपाही की अचानक तबियत बिगड़ गयी। सिपाही को आनन-फानन में सिविल अस्पताल लाया गया, जहां सिपाही की इलाज के दौरान मौत हो गई। 

बता दें कि रमाबाई मैदान में तैनात पुलिसकर्मी पिछले 11 मार्च से ड्यूटी कर रहा था। मूलत: सहारनपुर निवासी आरक्षी आदेश प्रजापति की नियुक्ति 2019 में हुई थी। वह 23वीं बटालियन के जी कंपनी मुरादाबाद में तैनात थी, हाउस गार्ड ड्यूटी पर लखनऊ आया था। बीते फरवरी महीने में ही उसकी शादी हुई थी, फरवरी से अभी तक घर जाने की छुट्टी नहीं मिली थी। 

भीषण गर्मी के बावजूद रमाबाई मैदान में जवानों के लिए किसी तरह का कोई इंतजाम नहीं है, यहां न ही पंखा है और न ही कूलर। भीषण गर्मी में पीएसी के जवान बिना पंखे कूलर के ड्यूटी करने को मजबूर है। इसम मामले में पीएसी के आधिकारी कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं।

यूपी में भीषण गर्मी से 160 से ज्यादा मौतें

जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बीते तीन दिनों के अंदर 160 से ज्यादा लोग इस भीषण गर्मी और भीषण लू की चपेट में आकर काल के गाल में समा गए हैं। वहीं प्रदेश में भीषण लू से बचाव के चलते सीएम योगी ने जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए हैं। हालांकि इन सभी मौतों पर कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

खबरों के मुताबिक प्रदेश के पूर्वांचल में भीषण गर्मी और लू की वजह से 77 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। जबकि बुंदेलखंड में 38 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं, राजधानी लखनऊ में 9 लोगों के मौत होने की सूचना है। इसी क्रम में वाराणसी में 34, महोबा में 14, चित्रकूट में 6, बांदा में 4, हमीरपुर में 4 और प्रतापगढ़ में 6 लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है। साथ ही आजमगढ़ में 16, मिर्जापुर में 10, गाजीपुर में 9, जौनपुर में 4, चंदौली में 3, भदोही में 2, बलिया में 2, झांसी में 1 और उरई में 1 की मौत होने का दावा किया गया है।  

प्रशासन ने इस भयानक गर्मी से निपटने के लिए विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी है। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे घरों में रहें और अत्यधिक गर्मी के समय बाहर निकलने से बचें। गर्मी से बचाव के उपायों का पालन कर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। 

Tags:    

Similar News