Lucknow News: भाजपा के आपसी खींचतान से यूपी की जनता को हुआ नुकसान...प्रेस कांफ्रेंस कर बोले सचिन पायलट

Lucknow News: सचिन पायलट ने कहा कि जो सरकार बोलती है वन नेशन वन इलेक्शन, वह आज एक साथ चार राज्यों चुनाव नहीं करवा पा रही है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में उपचुनाव होने हैं लेकिन राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ यह चुनाव नहीं करवा पा रहे हैं।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-08-21 11:00 GMT

सचिन पायलट ने की प्रेस कांफ्रेंस (Photo Source: Ashutosh Tripathi)

Lucknow News: राजस्थान सरकार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। पायलट ने सरकार को कई मुद्दों पर घेरने का प्रयास किया। 

सचिन पायलट ने की प्रेस कांफ्रेंस 

मॉल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि जो सरकार बोलती है वन नेशन वन इलेक्शन, वह आज एक साथ चार राज्यों चुनाव नहीं करवा पा रही है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में उपचुनाव होने हैं लेकिन राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ यह चुनाव नहीं करवा पा रहे हैं। क्योंकि सरकार जानती है जहां जहां उपचुनाव होंगे वहां भरी बहुमत के साथ कांग्रेस और इंडिया गठबंधन जीतेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के भीतर ही आपसी कलह है। इस खींचतान से जनता को काफी नुकसान हुआ है। दिल्ली से लेकर लखनऊ तक मान मनौवल का दौर जारी है। जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है।


लोगों में सरकार से असहजता

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि देश भर में भारत बंद का एलान हुआ है। यह एक गैर राजनीतिक संगठनों का आंदोलन है। संगठनों ने देखा कि गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े लोगों के हितों को केंद्र सरकार सुरक्षित नहीं रख पाती है। पिछले चुनाव में बात उठी कि यह लोग बहुमत में आने पर देश के संविधान के साथ छेड़ छाड़ कर सकते हैं। ऐसा देश के लोगों को लगा, जिसका नतीजा चुनाव परिणामों में देखा गया। उन्होंने कहा कि आरक्षण के छेड़ छाड़, आईएएस में लेटरल एंट्री, संविधान पर पुनर्विचार जैसे मुद्दों से लोगों को असहजता हुई। 

जांच की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह लगना लाजमी

सचिन पायलट ने कहा कि बीते दिनों प्रकाशित हुई रिपोर्ट में सेबी और अडानी ग्रुप के चेयरमैन के बीच संबधों का विवरण दिया गया था। इस मामले में किसी भी तरह की कोई कारवाई नही की गई। सरकार ने सारे खुलासों को मानने से इंकार कर दिया है। इंडिया गठबंधन व कांग्रेस के नेताओ ने इन गंभीर आरोपों पर जांच के लिए बार बार निवेदन किया। लेकिन कोई कार्यवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को जांच के आदेश दिए गए, अगर वही संदिग्ध है तो जांच कैसी। ऐसी जांच की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह लगना लाजमी है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पर्व विधायक धीरज गुज्जर, नसीमुद्दीन सिद्दीकी व अन्य मौजूद रहे। 


Tags:    

Similar News