Samajwadi Party News: अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- भाजपा में शुरू हुआ टकराव और भटकाव का दौर

Samajwadi Party News: अपने निजी अकाउंट से की गई पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, 'दिन-पर-दिन कमजोर होती भाजपा में टकराव और भटकाव का दौर शुरू हो गया है। भाजपा खेमों में बाँट गयी है।'

Written By :  Santosh Tiwari
Update: 2024-07-17 13:41 GMT

Photo- Social Media 

Samajwadi Party News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज लोक सभा सीट से सांसद अखिलेश यादव ने बुधवार की शाम अपने एक्स अकाउंट से एक पोस्ट कर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इस पोस्ट में उन्होंने भाजपा में टकराव और भटकाव होने के आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा अब खेमों में बंट गई है। इसके पूर्व उन्होंने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर तीखा निशाना साधा था। 

एक्स पोस्ट में अखिलेश ने ये लिखा

अपने निजी अकाउंट से की गई पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, दिन-पर-दिन कमजोर होती भाजपा में टकराव और भटकाव का दौर शुरू हो गया है। भाजपा खेमों में बाँट गयी है। भाजपा के एक नेता महोदय अपने ही शीर्ष नेतृत्व के दिए नारे को नकार रहे हैं। कोई मुख्यमंत्री जी कह रहे हैं कि बैकफुट पर जाने की ज़रूरत नहीं है, जो उछल- कूद कर रहे हैं वो बैठा दिये जाएंगे। कोई कह रहा है संगठन सरकार से बड़ा है। कोई सहयोगी दल हार का कारण दिल्ली लखनऊ के नेतृत्व के ऊपर डाल रहा है। कोई वीडियो बनाकर बयान दे रहा है, कोई चिट्ठी लिख रहा है। आगे उन्होंने लिखा कि भाजपा में एक- दूसरे को कमतर दिखने के लिए कठपुतली का खेल खेला जा रहा है। सबकी डोरी अलग -अलग हाथों में है। भाजपा में परदे के पीछे की लड़ाई सरेआम हो गयी है। इंजन ही नहीं अब तो डिब्बे भी आपस में टकरा रहे हैं।

दोपहर में प्रेस वार्ता में भी साधा निशाना

बुधवार दोपहर अखिलेश यादव ने लखनऊ के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता विजय बहादुर यादव की समाजवादी पार्टी में ज्वाइनिंग कराई। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार से लेकर अंदरूनी टकराव के कई आरोप लगाए थे। उन्होंने लखनऊ में कुकरैल रिवरफ्रंट के किनारे बुलडोजर एक्शन पर भी गंभीर सवाल करते हुए इसे रद्द करने की मांग उठाई। साथ ही डिजिटल अटेंडेंस के फैसले को भी रद्द करने किए जाने की बात कही। उन्होंने वर्तमान सरकार पर गोमती रिवरफ्रंट बर्बाद करने और नाले को रिवरफ्रंट बनाने के भी आरोप लगाए। साथ ही अखिलेश ने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार की खबरें आए दिन अख़बारों में छप रही हैं। दलाली सरेआम चल रही है और सीएम भी इस बात को मान रहे हैं। फिर भी कोई सुधार नहीं हो रहा है।

Tags:    

Similar News